जीतेन्द्र विन्दु | अंबिकापुर/लुण्ड्रा। लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र के दरिमा थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत रेवापुर में सड़क सुविधा के अभाव का एक मामला सामने आया है। गांव के एक युवक हाबिल के पेट में चाकू लगने से घायल होने के बाद ग्रामीणों को उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए करीब एक किलोमीटर तक खटिया पर ढोकर एंबुलेंस तक ले जाना पड़ा।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीण क्षेत्र में सड़क और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव तक सड़क नहीं होने के कारण आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना बेहद कठिन हो जाता है। कई बार समय पर उपचार नहीं मिलने का खतरा भी बना रहता है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। उनका कहना है कि बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है तथा गांव तक वाहन पहुंचना लगभग असंभव हो जाता है।
यह गांव लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। घटना के बाद क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विकास को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि गांव तक सड़क की सुविधा उपलब्ध होती तो घायल युवक को खटिया पर ढोकर एंबुलेंस तक ले जाने की नौबत नहीं आती।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि रेवापुर सहित ऐसे सभी दुर्गम गांवों में शीघ्र सड़क निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

