अम्बिकापुर। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने शासकीय राजीव गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर में संचालित एलएलबी पाठ्यक्रम की सीटों को पूर्व की भांति 120 से बढ़ाकर 240 किए जाने की मांग की है। इस संबंध में प्रदेश युवा कांग्रेस के आरटीआई अध्यक्ष हिमांशु जायसवाल के मार्गदर्शन में एनएसयूआई के संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता एवं उपाध्यक्ष गौतम गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ राज्य विधिक परिषद, बिलासपुर के अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि शासकीय राजीव गांधी पीजी कॉलेज सरगुजा संभाग का प्रमुख विधि महाविद्यालय है, जहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एलएलबी में प्रवेश के लिए आवेदन करते हैं। वर्तमान में केवल 120 सीटें उपलब्ध होने के कारण अनेक योग्य एवं इच्छुक विद्यार्थी प्रवेश से वंचित रह जाते हैं। जबकि पूर्व में महाविद्यालय में 240 सीटें स्वीकृत थीं, जिससे अधिक विद्यार्थियों को विधि शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलता था।
एनएसयूआई विश्वविद्यालय अध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता ने कहा कि सरगुजा संभाग के पांच जिलों के विद्यार्थियों के लिए यह प्रमुख लॉ कॉलेज है। दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए अन्य शहरों में जाकर पढ़ाई करना आर्थिक और सामाजिक रूप से चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में सीटों की संख्या बढ़ाकर 240 किए जाने से क्षेत्र के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उच्च विधि शिक्षा का लाभ मिल सकेगा।
एनएसयूआई ने छत्तीसगढ़ राज्य विधिक परिषद से छात्रों के भविष्य और क्षेत्रीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने तथा आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संजर नवाज़, पृथ्वी नायक, काश्मीर पटेल, अमन, अभिषेक, प्रिंस सहित एनएसयूआई के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


