हॉस्टल अधीक्षिका पर प्रताड़ना का आरोप, कलेक्टर से मिलने पैदल निकलीं छात्राएं
जीतेन्द्र विन्दु / अंबिकापुर, 29 जुलाई। सरगुजा जिले के रघुनाथपुर स्थित मिशन स्कूल राई के हाई स्कूल हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं ने बुधवार को हॉस्टल अधीक्षिका के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। छात्राओं ने अधीक्षिका पर प्रताड़ना और दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल हटाने की मांग की।
विरोध के दौरान कई छात्राएं अपनी शिकायत लेकर रघुनाथपुर से करीब 15 किलोमीटर दूर अंबिकापुर स्थित कलेक्टर कार्यालय जाने के लिए पैदल ही रवाना हो गईं। छात्राओं के अचानक पैदल निकलने की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। अधिकारियों और स्कूल प्रबंधन के प्रतिनिधि तत्काल मौके पर पहुंचे और छात्राओं को समझाइश देकर वापस स्कूल लाया गया।
इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दीपक झा भी मिशन स्कूल पहुंचे और छात्राओं से अलग-अलग चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। छात्राओं ने आरोप लगाया कि हॉस्टल अधीक्षिका का व्यवहार लंबे समय से ठीक नहीं है और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है। उनका कहना है कि अधीक्षिका को हटाए बिना समस्या का समाधान संभव नहीं है।
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दीपक झा ने बताया कि छात्राओं द्वारा लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच की जाएगी। सभी पक्षों के बयान लिए जाएंगे और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने छात्राओं से शांतिपूर्वक अपनी बात रखने की अपील भी की।
फिलहाल छात्राएं वापस हॉस्टल लौट गई हैं और शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच में जुट गया है। घटना के बाद स्कूल परिसर में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।