घुनघुट्टा डेम की मछली नदी में डूबने से 55 वर्षीय ग्रामीण की मौत, घंटों बाद मिला शव
अंबिकापुर। दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सनबरसा के 55 वर्षीय ग्रामीण बंधु राम की घुनघुट्टा डेम स्थित मछली नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बंधु राम खेती का कार्य करने के लिए नदी के उस पार स्थित अपने खेत गए हुए थे। काम पूरा करने के बाद वे वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान उन्होंने मछली नदी को तैरकर पार करने का प्रयास किया, लेकिन बीच धारा में पहुंचने पर गहरे पानी में डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उनकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों ने कई घंटों तक लगातार खोजबीन की, जिसके बाद बंधु राम का शव नदी से बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना परिजनों ने दरिमा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक व्याप्त है।