
बलरामपुर। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बलरामपुर में रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक विद्या सागर गोपाल को 22 हजार रुपए की कथित रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। कार्रवाई कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कम्पोजिट बिल्डिंग में की गई। बताया गया है कि यह कार्रवाई एक ट्रांसपोर्टर की शिकायत के बाद की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर निवासी ट्रांसपोर्टर शिवराज सिंह ने ACB से शिकायत की थी कि उसके करीब 11 लाख रुपए के ट्रांसपोर्टिंग बिल के भुगतान को आगे बढ़ाने और पास कराने के एवज में जिला प्रबंधक द्वारा कथित तौर पर 2 प्रतिशत कमीशन की मांग की जा रही है।
शिकायत के सत्यापन के बाद बिछाया गया जाल
शिकायत मिलने के बाद ACB ने आरोपों का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की शिकायत की पुष्टि होने के बाद टीम ने आरोपी अधिकारी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना तैयार की।
इसी कार्रवाई के तहत ACB की टीम अंबिकापुर से बलरामपुर पहुंची। टीआई शरद सिंह के नेतृत्व में टीम ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कम्पोजिट बिल्डिंग में निगरानी रखी।
11 लाख के बिल पर 2 प्रतिशत कमीशन का आरोप
बताया जा रहा है कि करीब 11 लाख रुपए के ट्रांसपोर्टिंग बिल पर 2 प्रतिशत कमीशन के रूप में 22 हजार रुपए की रकम तय की गई थी। जैसे ही जिला प्रबंधक ने कथित तौर पर यह राशि स्वीकार की, ACB की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम रिश्वत से जुड़े दस्तावेजों और पूरे मामले की जांच में जुटी है। अधिकारी के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में जांच पूरी होने के बाद अन्य तथ्यों के सामने आने की संभावना है।
