अंबिकापुर, 29 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत श्री साईं बाबा आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ और ‘मेरे सपनों का भारत’ की थीम पर आयोजित इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने भाषण, निबंध, पोस्टर और रंगोली के जरिए विकसित भारत, महिला सशक्तीकरण, स्वदेशी नवाचार, एआई और मतदान जागरूकता जैसे विषयों पर अपनी कल्पनाओं और विचारों को सामने रखा।

एआई से विकसित भारत तक, भाषण में दिखे विद्यार्थियों के विचार

महाविद्यालय के यूथ एक्टिविटी क्लब की ओर से ‘विकसित भारत में एआई: मानव क्षमता का साथी, रचनात्मकता का विकल्प नहीं’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता हुई। विद्यार्थियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते उपयोग और भविष्य में इसकी संभावनाओं पर विचार व्यक्त किए। प्रतिभागियों ने तकनीकी विकास के साथ मानवीय मूल्यों, रचनात्मकता और कौशल को महत्वपूर्ण बताया।

प्रतियोगिता यूथ एक्टिविटी क्लब प्रभारी डॉ. डाली शर्मा के नेतृत्व में आयोजित हुई। निर्णायक के रूप में कम्प्यूटर एंड आईटी विभागाध्यक्ष डॉ. विवेक कुमार गुप्ता, आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. शैलेष देवांगन, शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. दिनेश शाक्य और डॉ. श्रीराम बघेल मौजूद रहे।

निबंधों में स्वदेशी नवाचार की परिकल्पना

‘स्वदेशी नवाचार ही विकसित राष्ट्र की आधारशिला है’ विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने देश की प्रगति में नवाचार और भारतीय ज्ञान परंपरा की भूमिका को रेखांकित किया। प्रतिभागियों ने शिक्षा, आत्मनिर्भरता, स्वतंत्र सोच और तकनीकी विकास को विकसित भारत की अवधारणा से जोड़ते हुए अपने विचार प्रस्तुत किए।

पोस्टरों में उभरी नारी शक्ति और सामाजिक बदलाव की तस्वीर

महाविद्यालय के वुमेन्स वेलफेयर सेल की ओर से ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने रंगों और चित्रों के माध्यम से महिला शिक्षा, नारी शक्ति, स्वाभिमान और सामाजिक परिवर्तन से जुड़े संदेश दिए।

‘बेटी है कल है’, ‘मेरी बेटी मेरी शान’, ‘बेटी से सशक्त समाज’, ‘महिला सशक्तीकरण: चुनौतियां एवं संभावनाएं’ तथा ‘महिला सशक्तीकरण और सामाजिक परिवर्तन’ जैसे विषय पोस्टरों में प्रमुखता से दिखाई दिए। कई कृतियों में महिलाओं की शिक्षा, स्वतंत्रता और अपने सपनों को पूरा करने की आकांक्षा को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया गया।

पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन वुमेन्स वेलफेयर सेल प्रभारी डॉ. अलका पांडेय के नेतृत्व में हुआ। निर्णायक के रूप में ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, चोपड़ापारा की बीके विद्या, समाजसेवी अनिल मिश्रा और मंगल पांडेय उपस्थित रहे। आयोजन में डॉ. कंचन साहू, डॉ. जगमीत कौर और विनिता मेहता का सहयोग रहा।

रंगोली में दिखा सपनों का भारत और मतदान का संदेश

‘इंडिया ऑफ माय ड्रीम्स’ विषय पर आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों के जरिए अपने सपनों के भारत की तस्वीर उकेरी। वहीं, स्वीप नोडल अधिकारी सुमन मिंज के नेतृत्व में स्वीप आधारित रंगोली प्रतियोगिता भी हुई। इसमें स्वयंसेवकों ने मतदान के महत्व और मताधिकार के प्रति जागरूकता से जुड़े संदेशों को रंगोली के माध्यम से प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की रचनाओं के जरिए शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, सामाजिक जागरूकता, तकनीकी विकास और लोकतांत्रिक सहभागिता जैसे विभिन्न विषय सामने आए। कार्यक्रमों ने विद्यार्थियों को अपनी सोच और रचनात्मकता को कला, लेखन एवं वक्तृत्व के माध्यम से अभिव्यक्त करने का अवसर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *