समधी के घर से लौट रहे 66 वर्षीय बुजुर्ग पर हाथी ने किया हमला, पिछले आठ दिनों में पांच लोगों की गई जान
अम्बिकापुर/सूरजपुर। सूरजपुर जिले में कबरा कान वाले हाथी का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हाथी के हमले में सोमवार की रात एक और बुजुर्ग ग्रामीण की जान चली गई। ग्राम कंदरई बाजार के पास हुई इस घटना से आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। मृतक अपने समधी के घर से वापस लौट रहा था, इसी दौरान अचानक उसका सामना हाथी से हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कंदरई के तुरीपतरा निवासी विशुन राम (66 वर्ष) सोमवार की रात अपने समधी के घर से पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कंदरई बाजार के समीप उनका सामना कबरा कान वाले हाथी से हो गया। हाथी ने उन्हें देखते ही हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हाथी ने अपनी सूंड से उठाकर बुजुर्ग को जमीन पर पटक दिया और फिर पैरों से कुचल दिया। हमले में विशुन राम की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना पर वन विभाग तथा पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। बताया गया कि घटना से पहले सोमवार को कबरा हाथी कुमदा क्षेत्र में देखा गया था।
आठ दिनों में पांच ग्रामीणों की मौत
कबरा हाथी का हमला लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। बीते आठ दिनों के भीतर यह पांच ग्रामीणों की जान ले चुका है। दिवाली की रात प्रतापपुर क्षेत्र के सकलपुर और श्यामनगर में हाथी ने कृष्णा राजवाड़े तथा खेत की रखवाली कर रहे मटूलाला को कुचलकर मार डाला था।
इससे पहले 2 नवंबर को भी सूरजपुर जिले में हाथी के हमले की दो घटनाओं में ग्रामीणों की मौत हुई थी। अखोरा क्षेत्र में खेत में घास काट रहे मानदेव यादव को हाथी ने अपना शिकार बनाया था। वहीं कल्याणपुर-अखोरा मार्ग के फुलझर नाला के पास बाइक से लौट रहे बलरामपुर निवासी प्यून विश्वनाथ पर हाथी ने हमला कर दिया था। उनके साथ मौजूद व्यक्ति ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई थी।
अब तक 15 ग्रामीणों की मौत का दावा
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, कबरा कान वाला हाथी अब तक 15 ग्रामीणों की जान ले चुका है। लगातार हो रही घटनाओं के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल है। वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर नजर रखते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील कर रही है। इसके बावजूद हाथी की अचानक मौजूदगी और हमलों के चलते लोगों की जान पर खतरा बना हुआ है।
लगातार हो रही मौतों ने वन विभाग के सामने भी बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। ग्रामीणों की मांग है कि हाथी की आवाजाही वाले क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी बढ़ाई जाए और लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की जाए, ताकि ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
