धीरेंद्र शास्त्री के बयानों पर उठाए सवाल, अंधविश्वास और धार्मिक आडंबर के बजाय वैज्ञानिक सोच अपनाने की अपील

रायपुर। गोवर्धन पूजा के अवसर पर अपने रायपुर निवास में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धार्मिक और सामाजिक मुद्दों पर अपनी बात रखते हुए कहा कि जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति के बाद अब भगवान को भी बांटने का प्रयास किया जा रहा है। कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री द्वारा भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण को लेकर इस तरह की बातें करना तथा समाज में अंधविश्वास को बढ़ावा देना उचित नहीं है।

भूपेश बघेल ने कहा कि हमारे धार्मिक ग्रंथों और शास्त्रों में ज्ञान की अनेक महत्वपूर्ण बातें समाहित हैं, जिन्हें समझने और जीवन में अपनाने की आवश्यकता है। भगवान श्रीकृष्ण ने भी अंधविश्वास के खिलाफ संघर्ष किया था। ऐसे में हमें धार्मिक आडंबर और अंधविश्वास के पीछे भागने के बजाय वैज्ञानिक सोच और आधुनिक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आज के वैज्ञानिक युग में अंधविश्वास और धर्मांधता फैलाने वालों के विचारों का तर्क और तथ्यों के आधार पर खंडन करना जरूरी है। इसकी जिम्मेदारी उन लोगों की है, जिन्हें शिक्षा, धर्म, आध्यात्म और दर्शन की समझ है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज को बांटने के बजाय लोगों में जागरूकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और तार्किक सोच विकसित करने की जरूरत है। हमें अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के ज्ञान को समझते हुए समाज में सद्भाव और जागरूकता को बढ़ावा देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *