पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा- सैनिक स्कूल विद्यार्थियों में अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में निभा रहे महत्वपूर्ण भूमिका

अंबिकापुर, 1 सितंबर 2026। सैनिक स्कूल अंबिकापुर का 18वां स्थापना दिवस समारोह मंगलवार को हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में विद्यालय की 18 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, शैक्षणिक उपलब्धियों, खेलकूद और कैडेटों की विभिन्न प्रतिभाओं को प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुमार अग्रवाल सहित संभाग एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

गार्ड ऑफ ऑनर से हुआ अतिथियों का स्वागत

मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों के विद्यालय पहुंचने पर कैडेटों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया गया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन के साथ समारोह का विधिवत शुभारंभ हुआ।

विद्यालय की 18 वर्षों की यात्रा की स्मृति में अतिथियों ने केक काटकर स्थापना दिवस मनाया।

वार्षिक रिपोर्ट में गिनाई विद्यालय की उपलब्धियां

विद्यालय के प्राचार्य कर्नल राजेश बैंदा ने सत्र 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने वर्षभर में विद्यालय द्वारा हासिल की गई शैक्षणिक, खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की उपलब्धियों से अतिथियों को अवगत कराया।

इस अवसर पर कैडेटों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्वागत गीत, छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति पर आधारित लोकनृत्य, प्रेरणादायक मूक अभिनय, देशभक्ति से ओतप्रोत समूहगान और भगवान श्रीराम के जीवन एवं आदर्शों पर आधारित प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।

विद्यालय पत्रिका का विमोचन, संस्कृत ऐप ने खींचा ध्यान

मुख्य अतिथि श्री राजेश अग्रवाल ने सत्र 2025-26 की विद्यालय पत्रिका का विमोचन किया। इस दौरान संस्कृत शिक्षक श्री सौरभ कुमार जैन के मार्गदर्शन में कैडेटों द्वारा तैयार किए गए अभिनव ‘संस्कृत ऐप’ का भी अतिथियों ने अवलोकन किया।

अतिथियों ने कैडेटों की इस पहल की सराहना करते हुए ऐप की उपयोगिता और विशेषताओं की प्रशंसा की।

उत्कृष्ट कैडेटों और हाउस को मिला सम्मान

समारोह में सत्र 2025-26 के दौरान शिक्षा, खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को सम्मानित किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले हाउस को ट्रॉफियां प्रदान की गईं।

सर्वश्रेष्ठ सह-पाठ्यक्रम हाउस का सम्मान कटारी हाउस और अरिहंत हाउस को दिया गया। वहीं खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए भी कटारी हाउस और अरिहंत हाउस सम्मानित हुए।

शैक्षणिक क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए अर्जुन सिंह हाउस और तेजस हाउस को सर्वश्रेष्ठ अकादमिक हाउस की ट्रॉफी प्रदान की गई।

इसके अलावा विद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों, स्टाफ और जनरल कर्मचारियों को उनकी कर्तव्यनिष्ठा, उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और विद्यालय के विकास में योगदान के लिए कमेंडेशन (प्रशस्ति/सराहना) प्रदान कर सम्मानित किया गया।

‘अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाएं’

मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कैडेटों को संबोधित करते हुए सैनिक स्कूल अंबिकापुर की विभिन्न उपलब्धियों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल जैसे संस्थान विद्यार्थियों में अनुशासन, समर्पण, परिश्रम और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कैडेटों से अनुशासन को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और निरंतर मेहनत एवं समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

मंत्री ने कहा कि कैडेटों को अपने भीतर विकसित किए जा रहे इन मूल्यों को जीवनभर आत्मसात करना चाहिए और भविष्य में देश के जिम्मेदार एवं गौरवशाली नागरिक बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

राष्ट्रगान के साथ हुआ समारोह का समापन

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के उप-प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. पी. श्रीनिवास ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों और उपस्थित गणमान्यजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ सैनिक स्कूल अंबिकापुर के 18वें स्थापना दिवस समारोह का गरिमापूर्ण समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *