गोपाल साहू ने प्रबुद्धजनों से सही तथ्यों के प्रसार का किया आह्वान, भारत सिंह सिसोदिया बोले– लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूकता जरूरी

अम्बिकापुर। भारतीय जनता पार्टी के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत विधानसभा स्तरीय प्रबुद्धजन सम्मेलन का आयोजन ब्रह्मरोड स्थित होटल ग्रीन अलंकार में किया गया। जिला संगठन प्रभारी गोपाल साहू के आतिथ्य एवं भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया की अध्यक्षता में आयोजित इस सम्मेलन में लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती, सामाजिक जागरूकता, निर्वाचन प्रक्रिया, युवाओं की जिम्मेदारी तथा वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

सम्मेलन में अतिथि वक्ता के रूप में वरिष्ठ नागरिक आई.बी. तिवारी, अधिवक्ता संजय अंबष्ट एवं व्यवसायी नरेंद्र सिंह टुटेजा शामिल हुए। कार्यक्रम प्रभारी के रूप में निलेश सिंह, राजकुमार बंसल, अभिषेक शर्मा, रविन्द्र तिवारी एवं मधुसूदन शुक्ला ने आयोजन की जिम्मेदारी संभाली।

सम्मेलन के दौरान विपक्ष द्वारा एसआईआर (SIR) एवं कथित ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर उठाए जा रहे सवालों, विरोध प्रदर्शनों के कारण आम नागरिकों एवं व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ने वाले प्रभाव तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका पर विचार-विमर्श हुआ। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए समाज के जागरूक वर्ग को आगे आकर सही तथ्यों एवं संवैधानिक प्रक्रियाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचानी चाहिए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला संगठन प्रभारी गोपाल साहू ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नागरिकों के अधिकारों, कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों से जुड़ी व्यवस्था है। किसी भी विषय पर समाज में चर्चा तथ्यों और संवैधानिक मर्यादाओं के आधार पर होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रबुद्धजन समाज के मार्गदर्शक होते हैं। ऐसे में उनकी जिम्मेदारी है कि वे भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों के स्थान पर सही जानकारी का प्रसार करें तथा युवा पीढ़ी को सकारात्मक दिशा प्रदान करें।

भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति विश्वास बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा हैं, लेकिन विरोध के नाम पर आम जनता, व्यापारियों और सामाजिक गतिविधियों को प्रभावित करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि युवाओं को किसी भी मुद्दे पर प्रतिक्रिया देने से पहले उसकी वास्तविकता और तथ्यों को समझना चाहिए। इस दिशा में समाज के वरिष्ठ एवं प्रबुद्धजनों का मार्गदर्शन बेहद महत्वपूर्ण है।

वरिष्ठ नागरिक आई.बी. तिवारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक नागरिकों और जिम्मेदार समाज पर निर्भर करती है। एसआईआर जैसी निर्वाचन प्रक्रियाओं एवं मतदाता सूची से जुड़े विषयों पर आम नागरिकों को सही जानकारी उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपुष्ट सूचनाओं और अफवाहों से प्रभावित होने के बजाय संवैधानिक प्रक्रियाओं को समझने की अपील की।

अधिवक्ता संजय अंबष्ट ने अपने विचार रखते हुए कहा कि भारतीय लोकतंत्र संविधान और कानून के दायरे में संचालित होता है। प्रत्येक नागरिक को अभिव्यक्ति एवं विरोध का अधिकार प्राप्त है, लेकिन इन अधिकारों के साथ कानून और दूसरे नागरिकों के अधिकारों का सम्मान करना भी जरूरी है। उन्होंने युवाओं को संवैधानिक प्रावधानों की जानकारी देकर जिम्मेदार नागरिक बनाने पर जोर दिया।

व्यवसायी नरेंद्र सिंह टुटेजा ने कहा कि विरोध प्रदर्शनों के दौरान आम नागरिकों और व्यापारिक गतिविधियों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। व्यापार एवं जनजीवन का सुचारू संचालन समाज और अर्थव्यवस्था दोनों के लिए आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से उकसावे और अपुष्ट सूचनाओं से दूर रहकर सकारात्मक सोच एवं रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री विनोद हर्ष ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन निलेश सिंह ने किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर, वरिष्ठ अधिवक्ता पी.आर. कश्यप, एन.पी. सिंह, सीए हरिशंकर जायसवाल, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *