हवाई कनेक्टिविटी से सरगुजा में विकास, पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा: जनप्रतिनिधि

अम्बिकापुर। अंबिकापुर–हैदराबाद हवाई सेवा के शुभारंभ पर भाजपा सरगुजा द्वारा दरिमा विमानतल परिसर में आभार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद चिंतामणि महाराज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान विधायक प्रबोध मिंज, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, महापौर मंजूषा भगत, जिला महामंत्री विनोद हर्ष और सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

हवाई सेवा के शुभारंभ दिवस पर अंबिकापुर पहुंचे प्रथम यात्रियों के रूप में विधायक प्रबोध मिंज एवं पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह का सांसद चिंतामणि महाराज सहित भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों को मिठाई खिलाकर हवाई सेवा की शुरुआत की बधाई दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद चिंतामणि महाराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय उड्डयन मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अंबिकापुर–हैदराबाद हवाई सेवा शुरू होने से सरगुजा की हवाई कनेक्टिविटी को नई उड़ान मिली है। इससे क्षेत्र में विकास, व्यापार और पर्यटन के नए अवसर खुलेंगे तथा आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि सरगुजावासियों को हवाई सेवा का लाभ मिलना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस सेवा को शुरू कराने में सांसद चिंतामणि महाराज के योगदान का उल्लेख करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने कहा कि हवाई सेवा की शुरुआत से सरगुजा के विकास की संभावनाओं को विस्तार मिलेगा। इससे लोगों को आवागमन में सुविधा होगी और क्षेत्र की पहचान के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि हवाई सेवा अंबिकापुर के लिए बेहतर परिवहन सुविधा साबित होगी। इससे व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर विकसित होने की संभावना है। वहीं, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी ने भी हवाई सेवा की शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए भाजपा जिला महामंत्री विनोद हर्ष ने जानकारी दी कि भारत सरकार द्वारा अनुदानित शुल्क पर अंबिकापुर से रायपुर के लिए सप्ताह में तीन दिन विमान सेवा का परिचालन भी किया जा रहा है।

इस अवसर पर आलोक दुबे, शशिकांत जायसवाल, सालेम केरकेट्टा, दरिमा मंडल अध्यक्ष राजू सिंह, नवानगर के पूर्व मंडल अध्यक्ष बालनाथ यादव, अंशुमल गर्ग, शिवचरण गिरी, मुकेश गिरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *