एकलव्य आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने बिजली, पानी, साफ-सफाई और शिक्षकों की कमी समेत कई समस्याएं उठाईं; कलेक्टर ने जांच और समाधान का दिया भरोसा

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के बतौली स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय की करीब 100 छात्राएं सोमवार को अपनी समस्याएं लेकर कलेक्टर से मिलने के लिए छात्रावास से पैदल ही अंबिकापुर के लिए निकल पड़ीं। छात्राओं का कहना था कि विद्यालय और छात्रावास में लंबे समय से कई बुनियादी समस्याएं बनी हुई हैं, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हो पा रहा है। इसी वजह से उन्होंने सीधे कलेक्टर से मिलकर अपनी बात रखने का निर्णय लिया।
बताया गया कि छात्राएं करीब 20 से 30 किलोमीटर तक पैदल आगे बढ़ती रहीं। बड़ी संख्या में छात्राओं के पैदल अंबिकापुर की ओर आने की जानकारी जैसे ही प्रशासन और आदिवासी विकास विभाग के अधिकारियों को मिली, अधिकारियों में हलचल मच गई। विभाग के सहायक आयुक्त सहित अन्य अधिकारी छात्राओं को रास्ते में रोकने पहुंचे और उनकी समस्याएं जानने का प्रयास किया।
अधिकारियों ने रास्ते में समझाने का किया प्रयास

अधिकारियों ने छात्राओं को रास्ते में रोककर उनसे समस्याओं के बारे में जानकारी देने तथा वहीं बातचीत के माध्यम से समाधान का भरोसा दिलाने की कोशिश की। हालांकि छात्राओं ने रास्ते में रुकने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि वे अपनी समस्याएं सीधे कलेक्टर के सामने रखना चाहती हैं।
छात्राओं के अंबिकापुर तक पैदल आने को देखते हुए बाद में अधिकारियों ने उनके लिए बस की व्यवस्था की। इसके बाद सभी छात्राओं को बस से अंबिकापुर लाया गया। छात्राओं का कहना था कि वे अपनी शिकायतों और परेशानियों को लेकर काफी समय से समाधान की उम्मीद कर रही थीं, इसलिए इस बार उन्होंने स्वयं कलेक्टर से मिलने का फैसला किया।
टीएल बैठक में व्यस्त थे कलेक्टर, फिर छात्राओं से की मुलाकात

अंबिकापुर पहुंचने के बाद छात्राओं को कुछ समय इंतजार करना पड़ा, क्योंकि उस समय कलेक्टर टीएल बैठक में व्यस्त थे। छात्राओं के पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर ने उनसे अलग से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
छात्राओं ने कलेक्टर के सामने छात्रावास में बिजली की समस्या, पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई और शिक्षकों की कमी सहित कई परेशानियां रखीं। छात्राओं के अनुसार, छात्रावास में करीब एक महीने से बिजली की समस्या बनी हुई है, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
फिजिक्स और केमिस्ट्री की पढ़ाई को लेकर भी शिकायत
छात्राओं ने पढ़ाई से जुड़ी समस्याएं भी कलेक्टर के सामने रखीं। विशेष रूप से भौतिकी (फिजिक्स) और रसायन विज्ञान (केमिस्ट्री) के शिक्षकों की कार्यप्रणाली को लेकर उन्होंने शिकायत की। छात्राओं का कहना था कि इन विषयों की पढ़ाई उन्हें अपेक्षित तरीके से नहीं हो पा रही है, जिसका सीधा असर उनकी पढ़ाई और तैयारी पर पड़ रहा है।
इसके अलावा छात्रावास के मेस में साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर भी छात्राओं ने नाराजगी जताई। उन्होंने प्रशासन से व्यवस्था में सुधार कराने की मांग की।
विडियो :-
कलेक्टर ने जांच और कार्रवाई का दिया भरोसा
छात्राओं की शिकायतें सुनने के बाद कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने मामले की जांच के लिए आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त को भी निर्देशित किया है।
कलेक्टर ने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि उनके द्वारा बताई गई समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई कर व्यवस्थाओं में सुधार किया जाएगा।
छात्राओं के बड़ी संख्या में पैदल अंबिकापुर पहुंचकर कलेक्टर से मुलाकात करने की घटना ने एकलव्य आवासीय विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा तेज कर दी है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि छात्राओं द्वारा उठाई गई बिजली, पेयजल, स्वच्छता और शैक्षणिक व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों का समाधान कितनी जल्दी होता है।
