ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों को संगठन, धर्मनिरपेक्षता, आदिवासी अधिकार, सोशल मीडिया और संचार की दी गई जानकारी

अंबिकापुर। सरगुजा संभाग स्तरीय कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों एवं मास्टर ट्रेनरों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन बुधवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने अलग-अलग विषयों पर सत्र लिए। सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक कुल सात सत्र आयोजित किए गए। प्रशिक्षण की शुरुआत परिसर में स्थापित भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के साथ हुई।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ‘राजनीति में धर्म का उपयोग और धर्मनिरपेक्षता’ विषय पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने अपने संबोधन में भाजपा पर धार्मिक वैमनस्य का माहौल बनाने का आरोप लगाया और कहा कि उनके अनुसार सरकार की नाकामियों से जुड़े मुद्दे अब सार्वजनिक चर्चा का विषय बन रहे हैं।

सत्ता और संगठन के समन्वय पर ताम्रध्वज साहू ने रखी बात

पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने सत्ता और संगठन के बीच समन्वय विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि संगठन और सत्ता के बीच बेहतर तालमेल के माध्यम से जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने रखा जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।

एआईसीसी सचिव राजेश तिवारी ने आदिवासी समुदाय के विकास में कांग्रेस की भूमिका, जल-जंगल-जमीन से जुड़े अधिकारों और पेसा कानून के प्रावधानों पर जानकारी दी।

संगठन निर्माण से लेकर सोशल मीडिया तक प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के दूसरे दिन कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज ने अंतिम सत्र को संबोधित किया। उन्होंने संगठन के निर्माण, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने से जुड़े विषयों पर जानकारी दी।

कांग्रेस के संचार विभाग प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने संचार व्यवस्था और संचार सदनों के उपयोग सहित स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान आरएसएस की भूमिका को लेकर पार्टी के दृष्टिकोण पर चर्चा की। सोशल मीडिया से संबंधित सत्र मणि वैष्णव ने लिया, जबकि दीपक मिश्रा ने कांग्रेस के कार्यक्रमों की ऑनलाइन व्यवस्था और ‘कनेक्ट कांग्रेस’ की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।

17 सितंबर को चरणदास महंत लेंगे सत्र

प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम दिन 17 सितंबर को नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत छात्रों से जुड़े मुद्दों और पेपर लीक जैसे विषयों पर सत्र को संबोधित करेंगे। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, महंत का अंबिकापुर आगमन हो चुका है।

प्रशिक्षण सत्र का संचालन कर रहे कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री संगठन मलकीत गैदु ने बताया कि अंतिम दिन प्रशिक्षण में शामिल ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों को प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को अधिक प्रभावी ढंग से तैयार करना है।

ध्वज वंदन और योग के साथ शुरू हुआ दिन

प्रशिक्षण के दूसरे दिन की शुरुआत सुबह 7 बजे कांग्रेस ध्वज वंदन के साथ हुई। सेवादल के प्रदेशाध्यक्ष अरुण ताम्रकर, सरगुजा संभाग प्रभारी विनीत विशाल जायसवाल और जिलाध्यक्ष लोकेश कुमार की अगुवाई में ध्वज वंदन किया गया।

इसके बाद योग प्रशिक्षक अजय तिवारी ने प्रशिक्षणार्थियों को करीब एक घंटे तक योगाभ्यास कराया। कांग्रेस के अनुसार, प्रशिक्षण कार्यक्रम में संगठनात्मक गतिविधियों के साथ कार्यकर्ताओं के व्यक्तिगत विकास और विभिन्न समसामयिक विषयों पर भी जानकारी दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *