सरोवर तालाब में दिखा रोशनी का अद्भुत नजारा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की मौजूदगी में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिक

एमसीबी, 18 सितम्बर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मनेन्द्रगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ का जिला स्तरीय शुभारंभ भव्य दीपोत्सव के साथ हुआ। वार्ड क्रमांक-8 स्थित सरोवर तालाब के चारों ओर पांच लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी और तालाब के पानी में बनते प्रतिबिंबों ने पूरे परिसर को आकर्षक बना दिया।

दीपोत्सव में मनेन्द्रगढ़ के साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। शाम ढलने के साथ तालाब के चारों ओर जगमगाते दीपों का दृश्य और मनोहारी होता गया। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने दीप प्रज्वलित कर आयोजन में सहभागिता की और कई लोगों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।

दीप प्रज्वलन के साथ अभियान का शुभारंभ

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल रहे। उनके साथ राज्य योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, महापौर रामनरेश राय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवती सिंह, पूर्व संसदीय सचिव चंपादेवी पावले, जनपद अध्यक्ष जानकी बाई खुसरो, कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह और जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर अभियान और जिला स्तरीय दीपोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का वाचन भी किया गया।

दीपों में दिखी जनभागीदारी

सरोवर तालाब के चारों ओर प्रज्वलित किए गए पांच लाख से अधिक दीपों को आयोजन में सेवा, समर्पण, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया गया। तालाब के पानी में दीपों की परछाइयों ने पूरे परिसर के दृश्य को और आकर्षक बना दिया।

मंत्री ने दी आयोजन के लिए बधाई

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को राष्ट्रसेवा और जनकल्याण से जुड़ा अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा और जनभागीदारी की भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने मनेन्द्रगढ़ में आयोजित दीपोत्सव के लिए जिला प्रशासन और नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष बनाया।

गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प

आयोजन के दौरान बताया गया कि ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत जिले में स्वास्थ्य, स्वच्छता, जनकल्याण और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने की योजना है। अभियान के जरिए सेवा और जनभागीदारी की भावना को गांवों और परिवारों तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में नगर निगम सभापति संतोष सिंह, नई लेदरी अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा, झगराखांड नगर पंचायत अध्यक्ष रीमा यादव, खोंगापानी नगर पंचायत अध्यक्ष ललिता राम यादव, जिला पंचायत सदस्य रामजीत लकड़ा, जिला उपाध्यक्ष आशीष सिंह, मनेन्द्रगढ़ मंडल अध्यक्ष रोहित वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *