तीन दिवसीय प्रशिक्षण में संगठन मजबूती, बूथ स्तर पर सक्रियता और अनुशासन पर हुआ मंथन

मनेंद्रगढ़, 18 सितम्बर 2026। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत अंबिकापुर में आयोजित सरगुजा संभाग के ब्लॉक अध्यक्षों एवं मास्टर ट्रेनरों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के चौथे चरण का समापन हुआ। शिविर में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्ष और मास्टर ट्रेनर शामिल हुए।

जिले से मनेंद्रगढ़ शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सौरव मिश्रा, मनेंद्रगढ़ ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष रामनरेश पटेल, चिरमिरी ब्लॉक अध्यक्ष शिवांश जैन, खड़गवां ब्लॉक अध्यक्ष युधिष्ठिर कमरों, जनकपुर ब्लॉक अध्यक्ष अंकुर सिंह, कोटाडोल ब्लॉक अध्यक्ष रामू सिंह तथा मास्टर ट्रेनर जय प्रकाश साहू और सुभाष दास ने प्रशिक्षण में सहभागिता की।

संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर

जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय और संगठनात्मक अनुशासन को लेकर मार्गदर्शन मिला। उन्होंने कहा कि पार्टी के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन के प्रति निष्ठा एवं अनुशासन के साथ कार्य करने की अपेक्षा है।

उन्होंने कहा कि संगठन विरोधी गतिविधियों की स्थिति में पार्टी के नियमानुसार संगठनात्मक कार्रवाई का प्रावधान है। साथ ही आगामी टिकट वितरण के संदर्भ में संगठन के प्रति सक्रियता, निरंतर कार्य और जमीनी स्तर पर योगदान जैसे पहलुओं पर जोर दिए जाने की बात कही। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए समन्वय के साथ काम करने की अपील की।

प्रशिक्षण को बताया उपयोगी अनुभव

मनेंद्रगढ़ शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने प्रशिक्षण शिविर को सीखने और अनुभव प्राप्त करने का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि तीन दिनों के दौरान वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन मिला और संगठनात्मक कार्यों से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त हुई।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान मिले मार्गदर्शन को जमीनी स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों में लागू करते हुए संगठन को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी

प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, अमरजीत भगत, डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, पूर्व विधायक विनय जायसवाल एवं पूर्व विधायक गुलाब कमरों सहित वरिष्ठ नेता और कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

समापन अवसर पर सभी ब्लॉक अध्यक्षों एवं मास्टर ट्रेनरों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *