जिला अस्पताल, सीतापुर सीएचसी और मेडिकल कॉलेज में हुआ आयोजन; अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व आम नागरिकों ने लिया हिस्सा
अम्बिकापुर, 18 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा गुरुवार को जिले में तीन अलग-अलग स्थानों पर विशेष रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और आम नागरिकों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने में योगदान दिया।
तीनों शिविरों में कुल 68 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। जिला चिकित्सालय अम्बिकापुर में आयोजित शिविर में सबसे अधिक 43 यूनिट, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीतापुर में 9 यूनिट तथा मेडिकल कॉलेज अम्बिकापुर परिसर में आयोजित शिविर में 16 यूनिट रक्त संग्रहित हुआ।
आयोजन के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान के जरिए जरूरतमंद मरीजों की मदद की जा सकती है और समय पर रक्त उपलब्ध होना कई गंभीर परिस्थितियों में महत्वपूर्ण साबित होता है।
स्वास्थ्य विभाग के इस अभियान में विभिन्न वर्गों की भागीदारी रही। रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से शिविर में पहुंचकर रक्तदान किया। आयोजन का उद्देश्य रक्त की उपलब्धता बढ़ाने के साथ समाज में सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन शिविरों के माध्यम से लोगों को नियमित स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।

