जनप्रतिनिधियों और वन विभाग की टीम ने की सफाई, पर्यावरण व वन्यजीव संरक्षण के प्रति लोगों को किया जागरूक

अम्बिकापुर, 18 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत सरगुजा वनमंडल द्वारा अम्बिकापुर के बांसबाड़ी वन कक्ष क्रमांक आरएफ-2580 में प्लास्टिक मुक्त जागरूकता एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के दौरान वन क्षेत्र को स्वच्छ रखने के साथ लोगों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरुपा सिंह, महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह, पार्षदगण सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने भी अभियान में सहभागिता की।

इस दौरान वन क्षेत्र में मौजूद प्लास्टिक और अन्य कचरे को एकत्र कर सफाई की गई। लोगों को बताया गया कि प्लास्टिक का अनियंत्रित उपयोग पर्यावरण के साथ-साथ वन्यजीवों के लिए भी नुकसानदायक हो सकता है। वन क्षेत्रों में कचरा नहीं फेंकने और प्लास्टिक का उपयोग कम करने के लिए नागरिकों से अपील की गई।

कार्यक्रम के माध्यम से प्रकृति, वन और वन्यजीवों के संरक्षण में सामुदायिक भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया गया। जनप्रतिनिधियों और वन विभाग की टीम ने लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सरगुजा वनमंडलाधिकारी लोकनाथ पटेल, प्रशिक्षु आईएफएस कुणाल मिश्रा, रेंजर आशीष देवांगन सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *