“भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047 : संभावनाएं एवं चुनौतियां” विषय पर हुई प्रतियोगिता, आदित्य राज सिंह प्रथम

अंबिकापुर। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, छत्तीसगढ़ रायपुर के निर्देशानुसार शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अंबिकापुर में जोन स्तरीय राष्ट्रीय विज्ञान सेमिनार 2026 का आयोजन किया गया। सेमिनार में सरगुजा जोन के मनेन्द्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा और बलरामपुर जिलों से चयनित विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक संचालक, शिक्षा, सरगुजा संभाग शशिकांत सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के साथ विज्ञान के प्रति रुचि और जिज्ञासा को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

सेमिनार का केंद्रीय विषय “भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047 : संभावनाएं एवं चुनौतियां” रखा गया। प्रतिभागी विद्यार्थियों ने भारत की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों, नवीकरणीय और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों, ऊर्जा संरक्षण तथा भविष्य में सामने आने वाली संभावित चुनौतियों पर अपनी प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने स्लाइड, चित्र और अन्य प्रभावी माध्यमों का उपयोग करते हुए विषय के विभिन्न पहलुओं को प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में सीमा एस. कुरियन, प्रीति मिश्रा और नेहा तिवारी शामिल रहीं। प्रतियोगिता में आदित्य राज सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलबहरा, जिला मनेन्द्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी की दिव्या ने द्वितीय तथा सेजेस सोनहत की भूमिका राजवाड़े ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

आयोजन में करीब 200 विद्यार्थी, 10 प्रतिभागी और 20 मार्गदर्शक शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य एडवर्ड टोप्पो ने आभार व्यक्त किया। समापन की घोषणा नोडल अधिकारी एवं उप प्राचार्य शैलेन्द्र सिंह सेंगर ने की, जबकि परिणाम संकलन का कार्य दीपक जैन ने किया।

कार्यक्रम में शांति मरियम, रीना रानी सहाय, गीता बंजारे, रमेश राय, संजय आचार्य, अनुराधा, उमेश गुप्ता, गोविंद राम, जमील अख्तर, कीर्ति ज्योतिकी और गीता गुप्ता सहित शिक्षक एवं अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *