सेवा संकल्प अभियान के तहत राष्ट्रीय संकल्प समारोह आयोजित, विद्यार्थियों ने शपथ के साथ हस्ताक्षर अभियान में लिया हिस्सा

अंबिकापुर, 19 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर में ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ विषय पर राष्ट्रीय संकल्प समारोह आयोजित किया गया। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा माय भारत-राष्ट्रीय सेवा योजना के सौ सप्ताह के नशामुक्त युवा अभियान के अंतर्गत हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, एनएसएस स्वयंसेवकों और एनसीसी कैडेटों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत, सामूहिक वंदे मातरम् गायन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथि महाविद्यालय जनभागीदारी अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों में लगाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि नशे का असर केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि परिवार, शिक्षा, कार्यक्षमता और सामाजिक जीवन पर भी पड़ता है। स्वस्थ और जागरूक युवा शक्ति वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

‘सेवा मेरा योगदान’ से दिया नशामुक्ति का संदेश

सेवा संकल्प अभियान के तहत युवाओं को ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना से नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।

कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे से होने वाले व्यक्तिगत, पारिवारिक और सामाजिक नुकसान को सामने रखा गया। मुख्य वक्ता उमेश कुशवाहा, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी से संबद्ध एवं पशु चिकित्सक, अंबिकापुर ने विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक प्रभावों की जानकारी देते हुए आत्मानुशासन तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।

शपथ लेकर हस्ताक्षर दीवार पर जताई प्रतिबद्धता

कार्यक्रम के प्रमुख चरण में नशामुक्ति शपथ एवं हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेटों और अतिथियों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने की शपथ ली। इसके बाद प्रतिभागियों ने ‘नशामुक्त युवा’ हस्ताक्षर दीवार पर हस्ताक्षर कर नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि युवाओं को अपनी प्रतिभा और ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगानी चाहिए। विश्वविद्यालय कार्यक्रम समन्वयक डॉ. एस.एन. पाण्डेय और अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. राजकमल मिश्रा ने भी विद्यार्थियों को शिक्षा, खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में प्राध्यापक संजीव लकड़ा, अतिथि प्राध्यापक ओमकार कुशवाहा सहित महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। आयोजन एनएसएस बालिका इकाई की कार्यक्रम अधिकारी दीपिका स्वर्णकार तथा बालक इकाई के कार्यक्रम अधिकारी राजीव कुमार के संयोजन में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *