शनिवार से लापता था युवक, साई बाबा कॉलेज में MSc प्रथम वर्ष की कर रहा था पढ़ाई

अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र के सकालो जंगल में मंगलवार को एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जशपुर जिले के दुलदुला निवासी निखिल रंजन एक्का (28) के रूप में हुई है। वह अंबिकापुर के साई बाबा कॉलेज में MSc प्रथम वर्ष का छात्र था और शहर के मुक्तिपारा में अपने फूफा के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था।

जानकारी के अनुसार, निखिल शनिवार से घर से लापता था। परिजन और परिचित उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मंगलवार सुबह सकालो जंगल में एक बिट गार्ड की नजर पेड़ से लटके युवक के शव पर पड़ी। उसने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की।

आत्महत्या के कारणों का पता नहीं

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका फिलहाल स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य जुटाने के साथ मृतक के परिजनों और परिचितों से जानकारी ले रही है।

निखिल के शनिवार से लापता होने और इसके बाद जंगल में शव मिलने को लेकर भी पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। उसके मोबाइल फोन, संपर्कों और हाल की गतिविधियों से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि मौत की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर ही घटना के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल गांधीनगर पुलिस मामले की विवेचना में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *