शिक्षा एवं साक्षरता मंत्रालय के उपसचिव चरणजीत सिंह तनेजा ने सरगवां स्थित बालिका आवासीय विद्यालय का किया निरीक्षण, छात्राओं की कला प्रतिभा को सराहा

अंबिकापुर। भारत सरकार के शिक्षा एवं साक्षरता मंत्रालय के उपसचिव चरणजीत सिंह तनेजा ने 27 सितंबर को अंबिकापुर के सरगवां स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय और छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेने के साथ छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उपसचिव ने छात्राओं से भोजन, पेयजल, पढ़ाई, खेलकूद और छात्रावास की अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में सवाल किए। उन्होंने सहज माहौल में छात्राओं से पूछा कि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं है। छात्राओं ने भी विद्यालय में मिल रही सुविधाओं और गतिविधियों के बारे में जानकारी साझा की।

उपसचिव ने छात्राओं की ओर से तैयार की गई टोकरी, मूर्तिकला और चित्रकला सहित विभिन्न कलाकृतियों का अवलोकन किया। व्यावसायिक शिक्षा के तहत संचालित गतिविधियों में छात्राओं की भागीदारी की उन्होंने सराहना की। छात्राओं ने अपने हाथों से तैयार की गई कुछ कलाकृतियां अधिकारियों को स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट कीं।

स्थानीय भाषा में गीत सुनाकर छात्रा ने जीता ध्यान

निरीक्षण के दौरान छात्रा कुंती ने स्थानीय भाषा में गीत प्रस्तुत किया। गीत सुनने के बाद उपसचिव चरणजीत सिंह तनेजा ने छात्रा की प्रतिभा की सराहना करते हुए उसका उत्साहवर्धन किया।

अधिकारियों ने छात्रावास की अधीक्षिका गुलाब खेस से आवासीय विद्यालय के संचालन, छात्राओं की दिनचर्या, भोजन व्यवस्था, शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही छात्राओं से विद्यालय एवं हॉस्टल में होने वाली विभिन्न गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की गई।

‘दिशा’ और ‘विज्ञान जगत’ पत्रिका का विमोचन

निरीक्षण के दौरान उपसचिव ने विद्यालय में प्रतिमाह प्रकाशित होने वाली ‘दिशा’ और ‘विज्ञान जगत’ पत्रिकाओं का विमोचन भी किया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की गतिविधियों की सराहना करते हुए छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए नई गतिविधियों और अवसरों को बढ़ावा देने पर चर्चा की।

उन्होंने शिक्षकों एवं छात्राओं से विद्यालय में सुधार और विकास को लेकर सुझाव भी लिए। अधिकारियों ने छात्राओं की रचनात्मक एवं व्यावसायिक गतिविधियों में रुचि को प्रोत्साहित किया।

निरीक्षण के दौरान राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा के उपसंचालक डीके कौशिक, सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक राजेश सिंह, राज्य कार्यालय से राजेश सिन्हा, एपीसी समग्र शिक्षा करूणेश श्रीवास्तव एवं दीपमाला सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *