भाजपा की संभागीय पत्रकार वार्ता में कैबिनेट मंत्री ने गिनाईं केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां

अंबिकापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे जनसंपर्क एवं जनभागीदारी कार्यक्रमों की जानकारी देने के लिए अंबिकापुर के होटल पर्पल आर्किड में भाजपा सरगुजा संभाग की पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित यात्रा बताया।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी की जनसेवा की जो यात्रा शुरू हुई थी, वह आज देश के प्रधानमंत्री के रूप में निरंतर आगे बढ़ रही है। इन 25 वर्षों में उन्होंने शासन को जनकल्याण से जोड़ते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रदेशवासियों की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।

पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, पूर्व जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, जिला महामंत्री विनोद हर्ष एवं अरुणा सिंह तथा जिला संवाद प्रमुख रूपेश दुबे विशेष रूप से मौजूद रहे।

गरीब और वंचित वर्ग तक योजनाओं की पहुंच पर जोर

मंत्री ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याण योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने गरीब, किसान, महिला और ग्रामीण परिवारों के जीवन में बदलाव लाने का काम किया है।

राजेश अग्रवाल ने बताया कि छत्तीसगढ़ में 41 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों तक नल के माध्यम से पेयजल पहुंचाने का कार्य हुआ है। वहीं प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है।

प्रधानमंत्री आवास से लाखों परिवारों को पक्की छत

प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने का काम किया गया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में प्रदेश में 3.51 लाख आवासों का गृह प्रवेश कराया गया। वहीं लगभग 3 लाख हितग्राहियों के लिए 1,200 करोड़ रुपये की किश्त जारी की गई।

उन्होंने कहा कि आवास योजना केवल लोगों को मकान उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे ग्रामीण परिवारों के जीवन स्तर में सुधार आया है और उन्हें सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन जीने का आधार मिला है।

जनजातीय क्षेत्रों के विकास पर भी फोकस

मंत्री राजेश अग्रवाल ने जनजातीय क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि विशेष रूप से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) के परिवारों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। वन धन केंद्रों के माध्यम से आजीविका के अवसर बढ़ाने के साथ ही स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं के विस्तार के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बस्तर सहित प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताया।

सड़क, रेल और औद्योगिक विकास को मिली गति

पत्रकार वार्ता में प्रदेश में चल रहे अधोसंरचना विकास का भी उल्लेख किया गया। मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सड़क और रेल कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ बिजली, औद्योगिक क्षेत्र, फार्मास्यूटिकल पार्क और चिकित्सा शिक्षा से संबंधित परियोजनाओं को भी गति मिली है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में प्रदेश में 14,260 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। उनके अनुसार, इन परियोजनाओं से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत हो रहे कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ की जानकारी देते हुए मंत्री ने बताया कि प्रदेशभर में विभिन्न जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला, रंगोली और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसके अलावा जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और अन्य सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को केवल राजनीतिक उपलब्धियों के रूप में नहीं, बल्कि सेवा और सुशासन की निरंतर यात्रा के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ भाजपा नेता राजकुमार बंसल, विवेक दुबे, आलोक दुबे और जतीन परमार सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *