सांसद चिंतामणि महाराज ने हरी झंडी दिखाकर अतिरिक्त साप्ताहिक सेवा को किया रवाना, मंगलवार और गुरुवार को मिलेगी सीधी रेल सुविधा
अम्बिकापुर, 6 अक्टूबर 2026। सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों के लिए मंगलवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। अम्बिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन की सेवा अब सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिन उपलब्ध होगी। अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन से सांसद चिंतामणि महाराज ने मंगलवार को निर्धारित समय सुबह 7:30 बजे अतिरिक्त साप्ताहिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ट्रेन के रवाना होने के अवसर पर सांसद ने यात्रियों से मुलाकात की और उन्हें पुष्प भेंट कर सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं। अतिरिक्त फेरे के शुरू होने से सरगुजा सहित आसपास के जिलों के यात्रियों को दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र तक पहुंचने के लिए एक और सीधी रेल सुविधा मिल गई है।
मंगलवार और गुरुवार को अम्बिकापुर से रवाना होगी ट्रेन

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल के अनुसार गाड़ी संख्या 22407 अम्बिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को अम्बिकापुर से सुबह 7:30 बजे रवाना होगी। वापसी में गाड़ी संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन-अम्बिकापुर एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार और मंगलवार को रात 11 बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना होगी।
ट्रेन के फेरे में वृद्धि से सरगुजा संभाग के अलावा मार्ग में पड़ने वाले विभिन्न स्टेशनों के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। लंबे समय से सप्ताह में दो दिन ट्रेन चलाने की मांग कर रहे यात्रियों के लिए यह सुविधा विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
लंबे समय से उठ रही थी अतिरिक्त फेरे की मांग
सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि अम्बिकापुर से दिल्ली के लिए ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाने की मांग क्षेत्रवासियों की लंबे समय से थी। इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे थे। अब ट्रेन का एक अतिरिक्त फेरा शुरू होने से यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में अधिक सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पहले सप्ताह में केवल एक दिन ट्रेन उपलब्ध होने के कारण कई यात्रियों को अपनी यात्रा टालनी पड़ती थी। अतिरिक्त सेवा शुरू होने से विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति सरगुजा संभाग की जनता की ओर से आभार जताया।
यात्रियों की मांग पर बढ़ाई गई सेवा
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के डीआरएम राकेश रंजन ने बताया कि क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा अम्बिकापुर-दिल्ली रेल सेवा को सप्ताह में एक से बढ़ाकर दो दिन करने की मांग लगातार की जा रही थी। यात्रियों की जरूरत और क्षेत्र की मांग को देखते हुए रेल मंत्रालय द्वारा ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने कहा कि अतिरिक्त सेवा का लाभ अम्बिकापुर के साथ-साथ ट्रेन के मार्ग में आने वाले अन्य स्टेशनों के यात्रियों को भी मिलेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से इस सुविधा का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की।
अम्बिकापुर स्टेशन का भी हो रहा विस्तार

डीआरएम राकेश रंजन ने अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि स्टेशन पर नए प्लेटफॉर्म के निर्माण का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही रेलवे लाइनों का विस्तार और बड़े फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का निर्माण भी प्रस्तावित/प्रगतिरत है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कोचिंग से जुड़ी व्यवस्थाओं में भी सुधार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि भविष्य में अम्बिकापुर से अधिक ट्रेनों के संचालन की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए स्टेशन की आधारभूत संरचना को मजबूत किया जा रहा है। इसके लिए आवश्यक सुविधाओं और अधोसंरचना के विस्तार पर काम जारी है।
विद्यार्थियों, मरीजों और व्यापारियों को मिलेगा लाभ
नगर निगम महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि अम्बिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन सीधी रेल सुविधा मिलना पूरे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे दिल्ली आने-जाने वाले विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और आम यात्रियों को काफी सहूलियत होगी। उन्होंने अतिरिक्त रेल सेवा शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में डीसीएम एस. भारतीयन, एसआर डीआरएम अहूजा, पार्षद आलोक दुबे, पार्षद रविकांत उरांव, भारत सिंह सिसोदिया, अरुणा सिंह, विनोद हर्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
