44 लाख रुपये के गांजे की तस्करी का मामला, प्रेमनगर पुलिस की नाकाबंदी में पकड़ा गया आरोपी
सूरजपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रेमनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 88 किलो 430 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 44 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो वाहन क्रमांक CG 16 CN 7570 को भी जब्त किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की एक बोलेरो में अवैध गांजा भरकर परसाकेत से बचरापोड़ी, जिला कोरिया की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए प्रेमनगर पुलिस ने ग्राम रघुनाथपुर चौक के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोकने की कोशिश की।
पुलिस को देखकर चालक ने बदला रास्ता
पुलिस की नाकाबंदी देखकर बोलेरो चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे बस्ती की ओर तेज गति से भगाना शुरू कर दिया। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए घेराबंदी की और ब्रम्हपुर के पास आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान उमरे आजम उर्फ नान्हू खान (40 वर्ष), पिता स्वर्गीय अयुब खान, निवासी ग्राम पोड़ी (बचरा), थाना बैकुण्ठपुर, जिला कोरिया के रूप में हुई।
बोलेरो अस्पताल परिसर में छिपाई
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि पुलिस से बचने के लिए उसने नाकाबंदी के दौरान बोलेरो को एक अस्पताल परिसर में छिपा दिया था। इसके बाद वह वाहन छोड़कर बाइक से लिफ्ट लेकर मौके से निकलने की कोशिश कर रहा था। पूछताछ में उसने बोलेरो में गांजा रखे होने की जानकारी भी पुलिस को दी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम अस्पताल परिसर पहुंची और बोलेरो की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 88 किलो 430 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ बोलेरो को भी जब्त कर लिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज
प्रेमनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 20(II)(C) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसके अलावा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
कार्रवाई में पुलिस टीम की अहम भूमिका
कार्रवाई में एएसआई गुड्डू कुशवाहा, सुप्रियन टोप्पो, पीएसआई पुलेश्वर ध्रुव, प्रधान आरक्षक विनय किस्पोट्टा, प्रमोद लकड़ा, आरक्षक सत्यम सिंह, हरिशचंद दास, दीपक यादव, बृजेश काशी और संतोष ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नशे के खिलाफ अभियान जारी
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल (भापुसे) के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी।
एसपी ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री से जुड़ी कोई जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस के अनुसार, नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए आमजन का सहयोग महत्वपूर्ण है।
