दो दिवसीय शिविर में विद्यार्थियों को योजना की जानकारी, महापौर मंजूषा भगत ने किया उत्साहवर्धन

अंबिकापुर। जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देशानुसार स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अंबिकापुर में 5 एवं 6 अगस्त को आयोजित ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत) के अंतर्गत दो दिवसीय मेगा पंजीयन शिविर का गुरुवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और युवाओं ने भाग लिया तथा लगभग 1500 युवाओं का पंजीयन किया गया।

समापन अवसर पर अंबिकापुर की महापौर श्रीमती मंजूषा भगत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने शिविर का निरीक्षण कर पंजीयन प्रक्रिया की जानकारी ली और विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें योजना से जुड़कर अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।

शिविर में माय भारत के नोडल अधिकारी अक्षय रंजन वर्मा एवं उनकी टीम ने विद्यार्थियों को योजना के उद्देश्य, लाभ और ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना युवाओं को कौशल विकास, स्वयंसेवा, नेतृत्व क्षमता के विकास और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का अवसर प्रदान करती है। पंजीयन कार्य का संचालन स्वयं नोडल अधिकारी ने किया, जबकि सहायक नोडल अधिकारी अभियान तिवारी ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए सक्रिय सहयोग दिया।

कार्यक्रम में नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह ‘टिन्नी’, जिला समन्वय समिति की सदस्य सुनीता दास तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं पार्षद भी मौजूद रहे। सभी ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए अधिक से अधिक संख्या में योजना से जुड़ने का आह्वान किया।

आयोजकों ने बताया कि 14 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा ऑनलाइन माध्यम से ‘मेरा युवा भारत’ पोर्टल पर पंजीयन कर सकते हैं। योजना के माध्यम से युवाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण, स्वयंसेवा के अवसर, राष्ट्रीय स्तर की गतिविधियों में भागीदारी, प्रमाण-पत्र, करियर मार्गदर्शन तथा नेतृत्व विकास जैसे अनेक लाभ प्राप्त होते हैं।

स्कूल शिक्षा विभाग एवं माय भारत टीम के संयुक्त प्रयास से आयोजित यह मेगा पंजीयन शिविर युवाओं को सशक्त बनाने और उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *