500 CCTV फुटेज और तकनीकी जांच से पुलिस पहुंची गंजाम, अब तक 46 लाख के सोने-चांदी के आभूषण बरामद

सीतापुर। सीतापुर में करीब एक करोड़ रुपये की ज्वेलरी उठाईगिरी के मामले में सरगुजा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले के एक आरोपी दास नागेश्वर (45) निवासी नारायणपुर पोड़िया, थाना आस्का, जिला गंजाम, ओडिशा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। वहीं, पुलिस इस मामले में अब तक करीब 46 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर चुकी है।

दुकान के बाहर से बैग लेकर फरार हुए थे आरोपी

मामला 26 जुलाई 2026 का है। सीतापुर निवासी अरुणदेव सोनी ने पुलिस को बताया था कि वे हाईस्कूल सीतापुर के पास कांशी विश्वनाथ ज्वेलर्स का संचालन करते हैं। सुबह करीब 11:30 बजे वे स्कूटी पर ज्वेलरी से भरा बैग लेकर दुकान पहुंचे थे। शटर खोलने के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर पहुंचे चार अज्ञात आरोपी ज्वेलरी से भरा बैग उठाकर फरार हो गए थे। बैग में रखे सोने-चांदी के आभूषणों की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई थी।

शिकायत पर थाना सीतापुर में अपराध क्रमांक 296/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

500 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी और नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के निर्देशन में साइबर सेल अम्बिकापुर और थाना सीतापुर की संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के करीब 500 CCTV फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों के आने-जाने के रूट का पता लगाया गया। जांच में उनका रूट सरगुजा के गेरसा से जशपुर के कांसाबेल, कुनकुरी, सिंगीबहार, झारखंड के कुरडेग, खैरनटोली, सिमडेगा होते हुए ओडिशा के सुंदरगढ़ और अन्य क्षेत्रों तक पहुंचा।

10 दिन तक ओडिशा में चला सर्च ऑपरेशन

संदिग्धों की पहचान के बाद पुलिस टीम ने ओडिशा पुलिस के सहयोग से करीब 10 दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 16 अगस्त की रात घर लौटे संदिग्ध चंटी दास के घर पर तलाशी ली गई। वह घर पर नहीं मिला, लेकिन तलाशी के दौरान सीतापुर से चोरी किए गए करीब 300.92 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत 43 लाख रुपये, तथा करीब 1,168 ग्राम चांदी, जिसकी कीमत लगभग 3 लाख रुपये आंकी गई, बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार अब तक बरामद आभूषणों की कुल कीमत करीब 46 लाख रुपये है।

संगठित गिरोह बनाकर वारदात को दिया अंजाम

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी दास नागेश्वर ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर संगठित गिरोह बनाकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। इसके बाद मामले में धारा 111(2) और 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है।

पुलिस जांच में आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी भी सामने आई है। आईसीजीएस पोर्टल के माध्यम से वर्ष 2021 में थाना आस्का, गंजाम में आबकारी अधिनियम तथा थाना चिंडीपाड़ा में चोरी और लूट से संबंधित धाराओं में मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी से 10 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि तकनीकी विश्लेषण और दूसरे राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय के आधार पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *