
GenCAN कार्यक्रम में सरगुजा के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, छात्रा वंदना एक्का बनीं ‘बेस्ट स्टूडेंट’ और शिक्षिका दीप्ति वर्मा को मिला ‘बेस्ट टीचर’ सम्मान
अंबिकापुर। सरगुजा जिले की बेटियों और शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर जिले के साथ पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय (KGBV) रजपुरीकलां, विकासखंड लखनपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित ‘जनरेशन फॉर क्लाइमेट एक्शन’ (GenCAN) कार्यक्रम में देश के टॉप-10 विद्यालयों में दूसरा स्थान हासिल किया है।
यह कार्यक्रम सेन्टर फॉर एन्वायरमेंट एजुकेशन (CEE) और एचसीएल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर GenCAN टीम द्वारा विद्यालय की गतिविधियों और कार्यों के सूक्ष्म निरीक्षण एवं मूल्यांकन के बाद KGBV रजपुरीकलां को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित किया गया।
नई दिल्ली में हुआ राष्ट्रीय सम्मान समारोह
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में 26 से 28 सितंबर 2026 तक नई दिल्ली में तीन दिवसीय राष्ट्रीय कैंप सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह के अंतिम दिन सरगुजा जिले की विजेता टीम को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सरगुजा से जिला मिशन समन्वयक सर्वजीत पाठक, विद्यालय की अधीक्षिका अनुराधा सिंह, मेंटर शिक्षक और छात्र लीडर्स शामिल हुए। विजेता टीम को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में यूनेस्को रीजनल ऑफिस, इंडिया की सुश्री जॉयस पोअन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं एचसीएल फाउंडेशन के प्रमुख डॉ. शांतनु बसु भी विशेष रूप से मौजूद रहे। उनके हाथों जिला मिशन समन्वयक सर्वजीत पाठक और KGBV रजपुरीकलां की विजेता टीम को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
शिक्षिका दीप्ति वर्मा और छात्रा वंदना एक्का को विशेष सम्मान

राष्ट्रीय स्तर की इस उपलब्धि में विद्यालय की मेंटर शिक्षिका सुश्री दीप्ति वर्मा और छात्रा कु. वंदना एक्का ने भी विशेष पहचान बनाई। दीप्ति वर्मा को राष्ट्रीय स्तर पर ‘बेस्ट शिक्षिका’ तथा छात्र लीडर वंदना एक्का को ‘बेस्ट स्टूडेंट’ के विशेष राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इसके अलावा मेंटर शिक्षिका अनुराधा सिंह तथा छात्र लीडर्स वंदना एक्का, सुप्रिया लकड़ा, दीपिका लकड़ा, स्वाति सिंह, अस्मिता एक्का और रागिनी सिंह कुरुम को भी पर्यावरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।
जलवायु से लेकर खाद्य सुरक्षा तक पर किया काम
GenCAN कार्यक्रम के तहत KGBV रजपुरीकलां की छात्राओं और शिक्षकों ने पर्यावरण एवं जलवायु संरक्षण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण चुनौतियों पर काम किया। टीम ने जलवायु संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, विद्युत संरक्षण एवं परिवहन और खाद्य सुरक्षा जैसे विषयों पर विभिन्न गतिविधियों और अभियानों के माध्यम से अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
इन चुनौतियों पर किए गए कार्यों का राष्ट्रीय स्तर पर मूल्यांकन किया गया। लगातार प्रयासों और प्रभावी गतिविधियों के आधार पर विद्यालय को देश के टॉप-10 विद्यालयों में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ।
देशभर के पर्यावरण विशेषज्ञों ने लिया हिस्सा
नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कैंप सह सम्मान समारोह में देश के विभिन्न हिस्सों से आए पर्यावरण विशेषज्ञों के साथ 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विद्यार्थियों की भूमिका, स्थानीय स्तर पर किए जा रहे प्रयासों और भविष्य की चुनौतियों पर भी चर्चा हुई।
सरगुजा के KGBV रजपुरीकलां की इस उपलब्धि को जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। राष्ट्रीय मंच पर विद्यालय की छात्राओं और शिक्षकों के सम्मान से शिक्षा विभाग में भी उत्साह का माहौल है।
अधिकारियों ने दी बधाई
KGBV रजपुरीकलां की इस उपलब्धि पर जिले के वरिष्ठ अधिकारियों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने छात्राओं, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन को बधाई दी है। अधिकारियों ने कहा कि छात्राओं द्वारा पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर किए गए प्रयास न केवल विद्यालय बल्कि पूरे सरगुजा जिले के लिए गौरव की बात हैं।
कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक के मार्गदर्शन तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं जिला परियोजना संचालक के सतत निर्देशन में मिली इस उपलब्धि को समग्र शिक्षा विभाग ने जिले की शिक्षा व्यवस्था और छात्राओं की प्रतिभा का उल्लेखनीय उदाहरण बताया है।
