सूरजपुर। ओड़गी विकासखंड के चांदनी–बिहारपुर क्षेत्र के 38 गांवों में नियमित विद्युत आपूर्ति शुरू कराने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) 7 अगस्त 2026 (शुक्रवार) को बिहारपुर थाना परिसर के समीप एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेगी। यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से शुरू होगा, जिसके बाद बिहारपुर बाजार में रैली भी निकाली जाएगी।

पार्टी का आरोप है कि क्षेत्र में लगभग एक दशक पहले स्थापित सोलर ऊर्जा व्यवस्था अधिकांश गांवों में पूरी तरह बंद हो चुकी है। वहीं, विद्युत विस्तार कार्य को स्वीकृति मिलने के बावजूद आज तक कार्य पूरा नहीं किया गया है। इसके चलते हजारों ग्रामीण आज भी अंधेरे में जीवन बिताने को मजबूर हैं।
पार्टी नेताओं का कहना है कि बिजली नहीं होने से क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई, संचार सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं गंभीर रूप से प्रभावित हो रही हैं। उनका दावा है कि इस मुद्दे को लेकर कई प्रमुख समाचार पत्रों में खबरें प्रकाशित होने के बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई ठोस पहल नहीं की है।
आम आदमी पार्टी के सरगुजा लोकसभा सचिव लव कुमार ने बताया कि इस संबंध में 4 नवंबर 2025 को जिला कलेक्टर सूरजपुर को विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया था। इसके अलावा स्थानीय ग्रामीणों ने 10 दिनों तक शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन भी किया था। उस दौरान प्रशासन ने एक माह के भीतर बिजली व्यवस्था शुरू कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। इसी कारण पार्टी ने पुनः लोकतांत्रिक तरीके से जनहित में आंदोलन का निर्णय लिया है।
जिलाध्यक्ष रवि जायसवाल ने कहा कि धरना-प्रदर्शन और रैली पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आयोजित की जाएगी तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को पूरा सहयोग दिया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज दुबे, सरगुजा ज़ोन सह प्रभारी नूर हसन, सरगुजा लोकसभा अध्यक्ष इंद्रदेव नाग, लोकसभा सचिव लव कुमार सहित पार्टी के जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल होंगे।
आम आदमी पार्टी ने क्षेत्र की जनता, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर 38 गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल कराने की इस जनहित की लड़ाई में सहभागी बनने की अपील की है।