
सरगावां। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरगावां में सेवा किटी समूह द्वारा संचालित ‘परवाज़’ कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा 11वीं एवं 12वीं की छात्राओं के साथ समसामयिक एवं संवेदनशील विषयों पर जागरूकता संवाद आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं से खुलकर चर्चा करते हुए उनकी व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान और जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम में सेवा किटी समूह की संस्थापिका सुश्री वंदना दत्ता एवं समूह की सदस्य दीपमाला सिंह ने छात्राओं से बालिका तस्करी, नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, अवसाद एवं तनाव, मानसिक स्वास्थ्य, अमर्यादित जीवनशैली तथा नैतिक मूल्यों जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
सुश्री वंदना दत्ता ने कहा कि बालिकाओं को परिवार एवं विद्यालय में अनुशासन और मर्यादा का पालन करते हुए अपने व्यक्तित्व का विकास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में महिलाओं और बालिकाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। बालिका तस्करी और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध समाज को जागरूक करने के लिए महिलाओं को आगे आना होगा। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि “बेटियां परिवार के लिए केवल सीढ़ी नहीं, बल्कि उसका मजबूत सम्बल बनें।”

सेवा किटी समूह की सदस्य दीपमाला सिंह ने कहा कि समूह द्वारा जरूरतमंद बालिकाओं को शिक्षा एवं अन्य आवश्यक जरूरतों के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने शासन द्वारा बालिकाओं की शिक्षा के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की भी विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को नि:शुल्क सेनेटरी पैड वितरित किए गए तथा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार सिंह, अध्यापिका सुजाता सिंह, रेखा सिंह एवं पूर्णिमा सिंह का सराहनीय योगदान रहा। विद्यालय परिवार ने सेवा किटी समूह के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे छात्राओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
