17 अक्टूबर तक जिलेभर में होंगे सेवा, स्वच्छता, जागरूकता और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम; कलेक्टर अजीत वसंत ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां

अंबिकापुर, 11 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की जनसेवा एवं समर्पण यात्रा के प्रति आभार व्यक्त करने और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से सरगुजा जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के दौरान गांव से लेकर शहर तक विभिन्न स्तरों पर सेवा, नागरिक सहभागिता, स्वच्छता, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जिला प्रशासन ने गतिविधिवार जिम्मेदारियां तय करनी शुरू कर दी हैं। कलेक्टर अजीत वसंत ने शुक्रवार को जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्ययोजना तैयार कर मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि अभियान को केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को सेवा, जनभागीदारी और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है। उन्होंने विकासखंड, ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर तक मैदानी अमले की जिम्मेदारियां पहले से निर्धारित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक गतिविधि का बेहतर समन्वय हो सके।
17 सितंबर की शाम जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत जिले के परिवारों को दीप प्रज्वलन के माध्यम से अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम मैदान में किया जाएगा। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों और निर्माण कार्य स्थलों सहित विभिन्न स्थानों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
प्रशासन के अनुसार प्रत्येक दीप 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प का प्रतीक होगा। मैदानी टीमें लोगों को इस कार्यक्रम में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करेंगी।
बच्चों की कल्पना से दिखेगा विकसित भारत का सपना
अभियान के तहत ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल भी आयोजित होगी। 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक शासकीय और निजी विद्यालयों में विकसित भारत की संकल्पना तथा 25 वर्षों के सेवा कार्यों पर आधारित ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
बच्चों की कल्पनाओं और विचारों को प्रदर्शनी के माध्यम से सामने लाने के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
नुक्कड़ नाटकों के जरिए पहुंचेगी ‘नमो सेवा गाथा’
‘नमो सेवा गाथा’ के अंतर्गत 17 सितंबर से विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवा कार्यों और उनसे लोगों के जीवन में आए बदलाव की कहानियों को सरल एवं प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
2 अक्टूबर को देश के 100 प्रमुख स्थलों पर विशेष मंचन प्रस्तावित किया गया है।
आंगनवाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन का उत्सव’
महिला एवं बाल विकास से जुड़ी गतिविधियों के तहत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इसमें आंगनवाड़ी केंद्रों पर माताओं और बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान के साथ पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण और महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
इस दौरान योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं को अपने अनुभव और जीवन में आए बदलावों की कहानी साझा करने का अवसर भी मिलेगा।
‘कहानी बदलाव की’ में सामने आएंगी हितग्राहियों की उपलब्धियां
अभियान के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियां भी संकलित की जाएंगी। ‘कहानी बदलाव की’ पहल के तहत हितग्राही का नाम, स्थान, संबंधित योजना और उससे जीवन में आए बदलाव की जानकारी दर्ज की जाएगी।
इन कहानियों का डिजिटल डेटा बैंक तैयार किया जाएगा। साथ ही योजनाओं के पात्र हितग्राहियों की सूची मैदानी टीमों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाया जा सके।
‘सेवा मेरा योगदान’ से जुड़ेंगे नागरिक और संस्थाएं
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाली ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल में आम नागरिकों के साथ विभिन्न संस्थाओं को भी सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। नदी-घाटों की स्वच्छता सहित अन्य जनसेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा।
‘सरकार आपके द्वार’ के तहत लगेंगे शिविर
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विधानसभा और विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने और आवेदन आदि में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।
यात्रा और नवाचार से भी जुड़ेगा अभियान
सेवा संकल्प अभियान के दौरान ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘रंगोली राष्ट्र-भारत मंडल’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं।
विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत परिवर्तनकारी स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा, जबकि सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन 7 अक्टूबर को प्रस्तावित है।
सोशल मीडिया के जरिए भी होगा प्रचार
अभियान की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और स्थानीय मीडिया का सहयोग लिया जाएगा। अभियान के लिए केंद्र एवं राज्य स्तर से निर्धारित हैशटैग, फ्रेम, लोगो और प्रचार सामग्री का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने अभियान की प्रत्येक गतिविधि का फोटो और वीडियो अभिलेखीकरण कराने के भी निर्देश दिए हैं। जिले की प्रगति की जानकारी निर्धारित प्रारूप में नियमित रूप से जनसंपर्क विभाग को भेजी जाएगी।
अधिकारियों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश
कलेक्टर अजीत वसंत ने सभी नोडल एवं सहयोगी विभागों को राज्य स्तर से जारी दिशा-निर्देश और समय-सीमा के अनुरूप गतिविधिवार कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से व्यक्तिगत रुचि लेकर मैदानी स्तर पर अभियान को प्रभावी बनाने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ सेवा, नागरिक सहभागिता और जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के साथ विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को मजबूत करने का अवसर है।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चौधरी, अपर कलेक्टर राम सिंह ठाकुर, नगर निगम आयुक्त विनय अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
