दरार की पूर्व सूचना के बावजूद मरम्मत नहीं कराने का ग्रामीणों ने लगाया आरोप, एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

रामानुजगंज। रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम तेतरडीह में मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे कृषि विभाग का बांध अचानक टूट गया। बांध टूटने से बड़ी मात्रा में पानी नीचे स्थित खेतों में जा पहुंचा, जिससे धान की फसल के प्रभावित होने की बात सामने आई है।

घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम अभिषेक गुप्ता मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रशासन की टीम द्वारा नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। सर्वे पूरा होने के बाद ही किसानों की फसल को हुए वास्तविक नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

बताया गया कि उक्त बांध का निर्माण कृषि विभाग द्वारा जल ग्रहण मिशन के तहत कराया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि बांध में पहले से ही दरारें दिखाई दे रही थीं और इसकी जानकारी संबंधित विभाग को भी दी गई थी। ग्रामीणों के मुताबिक यदि समय रहते मरम्मत करा दी जाती तो बांध टूटने की स्थिति को टाला जा सकता था।

फिलहाल बांध टूटने के बाद पानी खेतों में भरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन कराया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई और प्रभावित किसानों को राहत के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *