योजना की सहायता राशि से पोषण संबंधी जरूरतें हुईं पूरी, जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ; अन्नू ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार

अंबिकापुर, 1 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के लिए मातृत्व के दौरान आर्थिक सहारे का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। योजना के तहत मिलने वाली सहायता से महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान अपने स्वास्थ्य और पोषण का बेहतर ध्यान रखने में मदद मिल रही है। अंबिकापुर निवासी श्रीमती अन्नू तिवारी भी इस योजना से लाभान्वित हुई हैं।

अन्नू तिवारी ने बताया कि पहली बार गर्भवती होने के दौरान उन्हें आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी मिली। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मदद से उन्होंने आवश्यक फॉर्म और प्रक्रिया पूरी की। कुछ दिनों बाद उनके खाते में योजना के तहत 1,000 रुपये की राशि प्राप्त हुई। इसके बाद उन्हें 2,000 रुपये की दूसरी किस्त मिली।

प्रसव के बाद शिशु को निर्धारित तीन टीके लगने के पश्चात उन्हें योजना के तहत 2,000 रुपये की अतिरिक्त राशि प्राप्त हुई। इस प्रकार योजना से मिली आर्थिक सहायता का उपयोग उन्होंने गर्भावस्था और प्रसव के बाद अपने खान-पान तथा पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने में किया।

पोषण और स्वास्थ्य का रखा बेहतर ध्यान

अन्नू ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान मिलने वाली आर्थिक सहायता उनके लिए काफी उपयोगी रही। योजना की राशि से उन्हें पौष्टिक आहार और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिली। प्रसव के बाद भी इस आर्थिक सहयोग से बच्चे के पोषण और अपनी सेहत पर ध्यान देना आसान हुआ।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में वे और उनका बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।

योजना को बताया महिलाओं के लिए उपयोगी

अन्नू तिवारी ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि गर्भावस्था और प्रसव के दौरान परिवार पर अतिरिक्त खर्च का दबाव रहता है। ऐसे समय में सरकार की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता महिलाओं के लिए काफी मददगार साबित होती है। उन्होंने अन्य पात्र गर्भवती महिलाओं से भी योजना की जानकारी लेकर इसका लाभ उठाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *