13 शीशी नशीली कफ सिरप के साथ पकड़े गए आरोपी से पूछताछ में सामने आया सप्लायर का नाम, महुआडाड़ से हुई गिरफ्तारी
कुसमी। नशीली कफ सिरप की अवैध बिक्री और सप्लाई के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुसमी पुलिस ने एक सप्लायर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि कुसमी में नशीली कफ सिरप के साथ पकड़े गए आरोपी को यह सिरप झारखंड के लातेहार जिले से सप्लाई की जा रही थी।
13 शीशी कफ सिरप के साथ पहले पकड़ा गया था आरोपी
पुलिस के अनुसार, 16 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुसमी निवासी आसिफ अंसारी उर्फ बबलू नशीली कफ सिरप लेकर बिक्री के लिए घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एकलव्य स्कूल के सामने मेन रोड के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
गवाहों की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से Wings कंपनी की Codeine Phosphate & Triprolidine Hydrochloride Syrup ONEREX की 13 शीशियां बरामद हुईं। प्रत्येक शीशी 100 एमएल की थी, इस तरह कुल 1300 एमएल कफ सिरप बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 2,619.50 रुपये बताई गई।
बरामद सिरप के संबंध में पुलिस ने आरोपी से वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 21(C) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था।
पूछताछ में सप्लायर तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान आरोपी के कथन और सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को नशीली कफ सिरप की सप्लाई करने वाले व्यक्ति के बारे में जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, दामोदर प्रसाद पिता स्व. रामलखन साव उर्फ लखन साव (59 वर्ष), निवासी बस स्टैंड रोड महुआडाड़, थाना महुआडाड़, जिला लातेहार (झारखंड), की इस मामले में संलिप्तता सामने आई।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी दामोदर प्रसाद से मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क कर कफ सिरप खरीदी जाती थी। विवेचना में उसके विरुद्ध अपराध से संबंधित पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस की इस कार्रवाई को नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और सप्लाई के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

