हाथ-पैर बंधे होने की चर्चा, आधिकारिक पुष्टि नहीं; पुलिस और SDRF ने संभाला मोर्चा
अंबिकापुर। धौरपुर थाना क्षेत्र के नवडीहा मछली नाले में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और SDRF की टीम भी मौके पर पहुंची।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक नाले में मिले शव के पानी के तेज बहाव में बहकर वहां पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
इधर मौके पर महिला के हाथ-पैर बंधे होने की चर्चा भी सामने आई है, लेकिन पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं की गई है। ऐसे में शव की स्थिति और घटनास्थल से मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर ही मामले की वास्तविकता सामने आ सकेगी।
SDRF की टीम द्वारा नाले से शव को बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं पुलिस शव की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है। महिला की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला की मौत कैसे हुई तथा शव नाले तक किन परिस्थितियों में पहुंचा।
