समलाया मंदिर के पास रोककर 2500 रुपए लेने का आरोप, पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ दर्ज किया मामला

अंबिकापुर, 09 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव के भतीजे अभिरत सिंहदेव के साथ मारपीट, रुपए छीनने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर अंबिकापुर कोतवाली पुलिस ने दो नामजद आरोपियों सहित कुल छह लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, मनेंद्रगढ़ रोड स्थित पंजाब गार्डन के पीछे रहने वाले अभिरत सिंहदेव 7 सितंबर की शाम करीब 6 बजे अपने दोस्त देव दुबे के साथ स्कूटी से महामायापारा जा रहे थे। बताया गया है कि उन्हें वहां रायफल शूटिंग के संबंध में बातचीत करने जाना था।
इसी दौरान समलाया मंदिर के पास गोलू पठान और राज बंगाला ने उन्हें रोक लिया। शिकायत के मुताबिक दोनों ने उनसे रुपए मांगे। पीड़ित द्वारा रुपए देने से मना करने पर आरोपियों ने कथित रूप से उनकी जेब से 2500 रुपए निकाल लिए और गाली-गलौज करते हुए अपने चार अन्य साथियों के साथ मारपीट की।
धमकी देने का भी आरोप
शिकायत में अभिरत सिंहदेव ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उनके दोस्त देव दुबे ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। इसी दौरान आरोपियों ने कथित रूप से खुद को इलाके का दबदबा रखने वाला बताते हुए पुलिस में शिकायत करने पर चाकू से हमला कर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित के अनुसार, मारपीट के दौरान उनका चश्मा भी टूट गया।
इन धाराओं में मामला दर्ज
अभिरत सिंहदेव की शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने गोलू पठान, राज बंगाला समेत छह आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 119(1), 191(2), 296, 324(2) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका, मारपीट के कारण और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
