विशुनपुर चौक पर दोपहर 1 बजे होगा प्रदर्शन, जर्जर सड़कों के तत्काल सुधार और निर्माण की मांग

अंबिकापुर। शहर की जर्जर और गड्ढों से भरी सड़कों को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन का ऐलान किया है। 15 सितंबर, मंगलवार को दोपहर 1 बजे एमजी रोड स्थित विशुनपुर चौक, माखन विहार के पास चक्काजाम किया जाएगा। कांग्रेस का कहना है कि शहर की प्रमुख सड़कों की खराब स्थिति अब केवल आवागमन की परेशानी नहीं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक और नगर निगम नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग और नगर निगम के अंतर्गत आने वाली कई सड़कें लंबे समय से खराब स्थिति में हैं। बारिश के बाद सड़कों पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं हो पाता। इससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।
मुख्य मार्गों पर भी हालात खराब
कांग्रेस नेताओं के अनुसार भारत माता चौक से रायगढ़ रोड स्थित फ्लाईओवर तक सड़क की स्थिति खराब है। इसी तरह अंबेडकर चौक से रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन मार्गों पर यातायात का दबाव अधिक होने के कारण सड़क की खराब स्थिति का असर बड़ी संख्या में लोगों पर पड़ रहा है।
कांग्रेस का आरोप है कि गड्ढों और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण कई जगह दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे हैं, जबकि ऑटो और अन्य वाहन भी असंतुलित होने की स्थिति में पहुंच रहे हैं। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है।
मरीजों और स्कूली बच्चों को भी परेशानी
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि खराब सड़कों का सबसे अधिक असर मरीजों, बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। एंबुलेंस और मरीजों को अस्पताल तक पहुंचने में परेशानी होती है। वहीं दुपहिया वाहनों से स्कूल जाने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों के लिए भी गड्ढों वाली सड़कें दुर्घटना का खतरा बढ़ा रही हैं।
उन्होंने कहा कि समस्या केवल शहर के प्रमुख मार्गों तक सीमित नहीं है। कई अंदरूनी मोहल्लों और गलियों की सड़कें भी क्षतिग्रस्त हैं। बारिश में गड्ढों में पानी और कीचड़ जमा होने से स्थानीय लोगों को अपने घरों तक आने-जाने में भी कठिनाई हो रही है।
नई सड़कों की गुणवत्ता पर उठाए सवाल
कांग्रेस ने नगर निगम की सड़क निर्माण व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। नेताओं का दावा है कि करीब दो महीने पहले बनाई गई कुछ सड़कें पहली ही बरसात में उखड़ने लगी हैं। उन्होंने सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों तथा जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सड़क किस विभाग के अधीन है, इससे आम जनता को कोई सरोकार नहीं है। लोगों को सुरक्षित और बेहतर सड़क चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग, पीडब्ल्यूडी और नगर निगम से आपसी जिम्मेदारी तय करने के बजाय संयुक्त रूप से सड़कों की स्थिति सुधारने की मांग की है।
आंदोलन में शामिल होने की अपील
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक और नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से 15 सितंबर को दोपहर 1 बजे विशुनपुर चौक, माखन विहार के पास होने वाले चक्काजाम में शामिल होने की अपील की है। कांग्रेस का कहना है कि आंदोलन का उद्देश्य शहर की सड़कों के तत्काल सुधार और आवश्यक स्थानों पर नए सिरे से सड़क निर्माण की मांग को प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाना है।
