सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग, रामानुज वार्ड के सामुदायिक भवन को विश्वविद्यालय को दिए जाने पर भी जताया विरोध

अंबिकापुर। शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, साफ-सफाई और जल निकासी की बदहाल व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने नगर निगम प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (शहर) अंबिकापुर के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर वार्डों की समस्याओं का तत्काल निराकरण कराने की मांग की।

कांग्रेस ने ज्ञापन में कहा कि बारिश के दौरान शहर के कई हिस्सों में जल निकासी की व्यवस्था चरमरा जाती है। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। वहीं तालाबों और जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी की समुचित निकासी नहीं होने के कारण कई स्थानों पर लोगों के घरों में पानी घुसने की स्थिति बन रही है। इससे आम लोगों को परेशानी के साथ संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है।

जाम नालियों की सफाई और स्थायी जल निकासी की मांग

कांग्रेस नेताओं ने निगम प्रशासन से जाम नालियों की तत्काल सफाई के साथ नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना है कि केवल बारिश के दौरान अस्थायी रूप से पानी निकालने के बजाय जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए।

ज्ञापन में आवश्यकता वाले क्षेत्रों में नई नालियों और पाइपलाइन का निर्माण कराने तथा जहां पानी घरों में प्रवेश करता है, वहां प्रभावी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने की मांग की गई है। जलभराव वाले स्थानों पर तत्काल मशीनरी और कर्मचारियों की तैनाती कर प्रभावित वार्डवासियों को राहत देने की भी मांग रखी गई।

गड्ढों से बढ़ रहा दुर्घटनाओं का खतरा

कांग्रेस ने शहर की खराब सड़कों को लेकर भी निगम प्रशासन को घेरा। नेताओं का कहना है कि कई वार्डों में सड़कें क्षतिग्रस्त हैं और बड़े-बड़े गड्ढे लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। बारिश का पानी गड्ढों में भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बढ़ जाता है।

कांग्रेस ने खराब सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने और आवश्यकता के अनुसार नई सड़कों के निर्माण की मांग की है।

कचरा उठाव नियमित करने पर जोर

ज्ञापन में वार्डों में नियमित कचरा उठाव नहीं होने की समस्या भी उठाई गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि समय पर कचरा नहीं उठने से कई स्थानों पर गंदगी जमा हो रही है, जिससे लोगों को परेशानी के साथ स्वास्थ्य संबंधी खतरा भी बना हुआ है। उन्होंने निगम से नियमित कचरा उठाव और सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग की।

सामुदायिक भवन के आवंटन पर भी विरोध

इसी दौरान जिला कांग्रेस महामंत्री प्रशांत सिंह चीकू और रघुनाथ मंडल अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह मग्गू ने रामानुज वार्ड में नगर निगम द्वारा बनाए गए सामुदायिक भवन को विश्वविद्यालय को किराए पर दिए जाने पर विरोध जताया।

उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन का निर्माण मुख्य रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विवाह एवं अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए कम दर पर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है। इस भवन का लाभ आसपास के करीब पांच वार्डों के रहवासियों को मिलता है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि भवन को स्थायी रूप से लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से किराए पर दिया जाता है तो आर्थिक रूप से कमजोर परिवार इस सुविधा से वंचित हो सकते हैं। आगामी विवाह सीजन को देखते हुए उन्होंने क्षेत्रवासियों की ओर से भवन का विश्वविद्यालय को किया गया आवंटन निरस्त करने की मांग की है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला महामंत्री प्रशांत सिंह चीकू, पार्षद मेराज रंगरेज, चंद्रप्रकाश सिंह मग्गू, जीवन यादव, शबनम खानम, तीरथ पटेल, धनमीत छाबड़ा, दिनेश शर्मा, अमित वर्मा, शकीला सिद्दीकी, रूबी जैन सहित ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *