कलेक्टर अजीत वसंत ने गंगापुर मेडिकल कॉलेज सहित कस्तूरबा गांधी और एकलव्य विद्यालय का किया निरीक्षण, विद्यार्थियों से बातचीत कर जानी समस्याएं

अम्बिकापुर, 12 सितम्बर 2026। कलेक्टर अजीत वसंत एवं जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव ने शनिवार को गंगापुर स्थित निर्माणाधीन नवीन मेडिकल कॉलेज तथा लुण्ड्रा विकासखंड के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय और एकलव्य आवासीय विद्यालय सहनपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्य की प्रगति के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध शिक्षा, स्वास्थ्य, भोजन, आवास और खेल सुविधाओं का जायजा लिया।
मेडिकल कॉलेज में निर्माण की गति बढ़ाने के निर्देश

गंगापुर में बन रहे नवीन मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों से विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने विद्युत सर्विस, गैस पाइप लाइन, एचवीएसी डक्ट, फायर फाइटिंग सिस्टम और फायर अलार्म से जुड़े कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि इन कार्यों के कारण भवन के सिविल निर्माण में किसी तरह की बाधा न आए।
कलेक्टर ने सिविल वर्क में भी तेजी लाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेज के संपूर्ण प्रोजेक्ट को दिसंबर 2027 तक हर हाल में पूरा करने की दिशा में कार्ययोजना बनाकर काम किया जाए। निर्माण स्थल पर बाल श्रमिकों को काम पर नहीं लगाने तथा आवश्यक जानकारी वाला सूचना पटल लगाने के निर्देश भी दिए गए।
कस्तूरबा विद्यालय में व्यवस्थाओं की पड़ताल

इसके बाद कलेक्टर ने लुण्ड्रा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास के कमरों, परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं को देखा। छत पर सीपेज की समस्या को देखते हुए सफाई कराने तथा छात्रावास के पीछे जलभराव वाले क्षेत्र में मिट्टी भरकर समतलीकरण कराने के निर्देश जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को दिए।
कमरों में लगी तिरपाल को हटाकर प्रोफाइल शीट लगाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि छात्राओं को बेहतर एवं सुरक्षित आवासीय सुविधा मिल सके।
बच्चों से सीधे संवाद कर जानी समस्याएं

कलेक्टर ने विद्यालय के विद्यार्थियों से सहजता से बातचीत कर पढ़ाई, शिक्षकों की उपलब्धता, भोजन, खेलकूद, स्वास्थ्य सुविधाओं और अभिभावकों से संपर्क जैसी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। बच्चों की बात सुनने के बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान करने के निर्देश दिए।
इसी दौरान एक छात्रा की आंखों के उपचार की आवश्यकता सामने आने पर कलेक्टर ने शंकर नेत्रालय, हैदराबाद में उपचार के लिए आवश्यक प्रक्रिया तत्काल पूरी कराने के निर्देश दिए।
विद्यार्थियों के लिए खेल सामग्री और किक बॉक्सिंग की सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही कंप्यूटर शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए डीएमएफ मद से कंप्यूटर शिक्षक की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
एकलव्य विद्यालय में लाइब्रेरी और रचनात्मक गतिविधियों पर जोर
कलेक्टर ने एकलव्य आवासीय विद्यालय सहनपुर पहुंचकर वहां की शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल, संगीत और अन्य रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात कही।
विद्यालय की लाइब्रेरी को समृद्ध बनाने के लिए साहित्य अकादमी एवं ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित रचनाकारों की पुस्तकों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
छोटी कक्षाओं के विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में रैगिंग अथवा किसी भी तरह से विद्यार्थियों को परेशान किए जाने की घटनाओं पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
पौष्टिक भोजन और सोलर गीजर की व्यवस्था पर जोर

कलेक्टर ने एकलव्य विद्यालय की भोजन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा कराने को कहा।
विद्यार्थियों द्वारा सोलर गीजर की मांग रखे जाने पर कलेक्टर ने विद्यालय में इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि आवासीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए और विद्यार्थियों से जुड़ी समस्याओं का संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ निराकरण किया जाए, ताकि उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ सुरक्षित और सुविधाजनक आवासीय माहौल मिल सके।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अविनाश मिश्रा, अधीक्षक श्री आरसी आर्य, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, एसडीएम श्री विनय सोनी, तहसीलदार श्री तुषार सहित दोनों विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
