नगर निगम आयुक्त ने अभियंताओं और ठेकेदारों के साथ की बैठक, 42 सड़कों के निर्माण व मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
अम्बिकापुर, 12 सितम्बर। शहर की खराब सड़कों और निर्माण कार्यों को लेकर नगर पालिक निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बारिश थमते ही शहर में सड़कों की गड्ढा भराई, समतलीकरण और नाली-पुलिया निर्माण का काम शुरू कराया जाएगा। वहीं जिन सड़कों के कार्यादेश जारी हो चुके हैं, वहां अक्टूबर माह के मध्य से डामरीकरण शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसी सिलसिले में नगर निगम कार्यालय में आयुक्त विनय अग्रवाल ने निगम की तकनीकी टीम और सड़क निर्माण से जुड़े ठेकेदारों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने शहर में चल रहे और प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने जोन अभियंताओं से कहा कि बारिश रुकते ही संबंधित ठेकेदारों के साथ समन्वय कर स्वीकृत कार्यों को जमीन पर शुरू कराया जाए। प्राथमिकता के आधार पर गड्ढों की भराई, सड़क का समतलीकरण तथा स्वीकृत नाली और पुलिया निर्माण का काम कराया जाएगा।
जिन सड़कों के लिए पहले ही कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं, उनका डामरीकरण अक्टूबर के मध्य से शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं। आयुक्त ने निर्माण एजेंसियों को तय समय-सीमा में काम पूरा करने के साथ गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने की हिदायत दी।
निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था पर भी नजर
सड़क निर्माण के दौरान आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए आयुक्त ने अभियंताओं और निर्माण एजेंसियों को यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने कार्यस्थल पर आवश्यक सावधानी बरतने और निर्माण कार्य को व्यवस्थित तरीके से कराने के निर्देश दिए।
नगर निगम क्षेत्र में फिलहाल करीब 42 छोटे-बड़े सड़क निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं। इनमें 36 कार्य अधोसंरचना मद तथा 6 कार्य मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत कराए जाएंगे। बारिश के बाद इन कार्यों के गति पकड़ने की उम्मीद है।
बैठक में निगम के कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, जोन इंजीनियर सहित मेसर्स राधा जीवन प्रोजेक्ट्स, मेसर्स तेजस इन्फ्राटेक, प्रकाशचंद राय और मेसर्स कालिका कन्स्ट्रक्शंस के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
