अधिकारियों-कर्मचारियों को डिजिटल वित्तीय व्यवस्था की कार्यप्रणाली, मॉड्यूल और तकनीकी प्रक्रियाओं की दी गई जानकारी

अंबिकापुर, 13 सितंबर 2026। राज्य कार्यालय के निर्देशानुसार स्कूल शिक्षा विभाग, सरगुजा संभाग द्वारा SNA स्पर्श एवं GeM पोर्टल की कार्यप्रणाली और उपयोगिता को लेकर एक दिवसीय संभाग स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई। अंबिकापुर के मल्टीपरपज स्कूल सभागार में आयोजित प्रशिक्षण में संभाग के विभिन्न जिलों से शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
कार्यशाला में नवीन डिजिटल वित्तीय व्यवस्था से संबंधित प्रक्रियाओं को समझाने के साथ ही विभागीय कार्यों में इसके प्रभावी उपयोग पर जोर दिया गया। प्रशिक्षण दो चरणों में आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को SNA स्पर्श और GeM पोर्टल से जुड़े विभिन्न मॉड्यूल, तकनीकी प्रक्रियाओं और उपयोग की जानकारी दी गई।
SNA स्पर्श की उपयोगिता समझाई
संयुक्त संचालक, शिक्षा, सरगुजा संभाग डॉ. राजेश सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण में SNA स्पर्श की आवश्यकता और उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से डिजिटल वित्तीय व्यवस्था की कार्यप्रणाली को बेहतर ढंग से समझने तथा विभागीय स्तर पर इसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की बात कही।
प्रशिक्षण में संभाग के सभी जिला शिक्षा अधिकारी, समग्र शिक्षा के अधिकारी-कर्मचारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसीसी तथा वित्त एवं लेखा शाखा से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
मास्टर ट्रेनर्स ने दी तकनीकी जानकारी

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स एवं प्रशिक्षकों सौरभ प्रताप सिंह, विशाल वर्मा, कविता सिंह, अरुण चंद्रा, प्रशांत पाटिल, विजय कुशवाहा, शैलेन्द्र पोद्दार एवं अरविंद गुप्ता ने SNA स्पर्श और GeM पोर्टल के विभिन्न मॉड्यूल की जानकारी दी।
प्रतिभागियों को डिजिटल वित्तीय प्रक्रियाओं, पोर्टल के संचालन और तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया गया। प्रश्नोत्तरी सत्र में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पूछे गए प्रशासनिक और तकनीकी सवालों के समाधान भी बताए गए।
अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया प्रशिक्षण

कार्यक्रम का संचालन एपीसी समग्र शिक्षा करूणेश श्रीवास्तव ने किया। प्रशासनिक स्तर पर जिला मिशन समन्वयक सर्वजीत पाठक, सहायक संचालक शशिकांत सिंह, सहायक संचालक पूनम पांडेय और एपीसी दिनेश शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समापन अवसर पर सहायक संचालक रविशंकर तिवारी ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने डिजिटल वित्तीय व्यवस्था से जुड़ी प्रक्रियाओं को विभागीय कार्यों में प्रभावी ढंग से लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
