बीईओ-बीआरसी को नियमित स्कूल निरीक्षण के निर्देश, लंबे समय से अनधिकृत अनुपस्थित शिक्षकों-कर्मचारियों का वेतन रोकने कहा
अंबिकापुर, 13 सितंबर 2026। कलेक्टर अजीत वसंत ने शनिवार को जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में स्कूल शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक लेकर जिले की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यालयों में सुविधाओं और विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा, सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में कलेक्टर ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने स्कूलों में स्वच्छता अभियान, ड्राइंग, निबंध सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने और विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

फील्ड में जाकर स्कूलों का निरीक्षण करें बीईओ-बीआरसी
कलेक्टर ने सभी बीईओ और बीआरसी को नियमित रूप से स्कूलों का दौरा कर जमीनी स्थिति की जानकारी लेने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान शिक्षकों की उपस्थिति, पढ़ाई की व्यवस्था और विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अनधिकृत रूप से लंबे समय से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों एवं कर्मचारियों का वेतन नियमानुसार रोका जाए। साथ ही जिले का कोई भी विद्यालय एकल शिक्षक के भरोसे संचालित न हो, इसके लिए जरूरत के अनुसार शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा।
लंबित निर्माण कार्य जल्द पूरे कराने के निर्देश
कलेक्टर ने पंचायत एजेंसी के माध्यम से शिक्षा विभाग के लंबित निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में किचन शेड निर्माण के लिए आवश्यक एस्टीमेट तैयार करने तथा जहां किचन शेड उपलब्ध हैं, वहां जरूरी कार्य तत्काल शुरू कराने कहा।
उन्होंने स्कूलों में संचालित मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा भवनविहीन, विद्युतविहीन और पेयजल की सुविधा से वंचित स्कूलों की सूची उपलब्ध कराने को कहा। डिस्मेंटल योग्य भवनों की सूची तैयार करने तथा जरूरी मरम्मत कार्य जल्द कराने के निर्देश भी दिए।
छात्रवृत्ति की प्रक्रिया सितंबर तक पूरी करने कहा
बैठक में गणवेश, पाठ्यपुस्तक, छात्रवृत्ति, गैस कनेक्शन और शिक्षकों की सेवा पुस्तिका के अद्यतन की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने छात्रवृत्ति फॉर्म भरने की प्रक्रिया सितंबर माह के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए।
कक्षा पहली के ऐसे विद्यार्थियों, जिनके जाति प्रमाण पत्र नहीं बने हैं, उनके प्रमाण पत्र बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। पूर्ण दस्तावेज वाले विद्यार्थियों के प्रमाण पत्र सितंबर तक और अपूर्ण दस्तावेज वाले विद्यार्थियों के प्रमाण पत्र 2 अक्टूबर को ग्रामसभा के बाद आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर बनाने के निर्देश दिए गए।
अपार आईडी निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर ने अपार आईडी निर्माण की भी समीक्षा की। उन्होंने जन्म प्रमाण पत्र बन चुके लेकिन आधार कार्ड से वंचित विद्यार्थियों के आधार कार्ड शीघ्र बनवाने के निर्देश दिए। संबंधित विभागों से समन्वय कर प्रमाण पत्र और आधार संबंधी प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने को कहा।
सेवानिवृत्ति के दिन दस्तावेज उपलब्ध कराने पर जोर
कलेक्टर ने सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों से जुड़े दस्तावेजों की प्रक्रिया समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को उनकी सेवानिवृत्ति की तिथि पर पीपीओ, जीपीओ प्राधिकार पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएं, ताकि सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।
