मैनपाट (सरगुजा), 4 अगस्त। सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र के सरभंजा ग्राम स्थित डुमरगोड़ा में मंगलवार सुबह एक महिला पर जंगली भालू ने हमला कर दिया। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, सरभंजा डुमरगोड़ा निवासी श्रीमती कुंती (पति- शिवकुमार, जाति माझी) मंगलवार सुबह करीब 6 बजे जंगल में खुखड़ी (वन उपज) उठाने गई थीं। इसी दौरान अचानक एक जंगली भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और कूल्हे में गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस की सहायता से घायल महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कमलेश्वरपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन एवं वन विभाग की टीम मौके पर सक्रिय हो गई। वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल में जाते समय विशेष सतर्कता बरतने तथा अकेले जंगल में नहीं जाने की अपील की है। क्षेत्र में जंगली जानवरों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *