तबीयत बिगड़ने पर दो दिन में दो बार मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, आईसीयू में इलाज के दौरान हुई मौत

अंबिकापुर, 18 सितम्बर 2026। अंबिकापुर सेंट्रल जेल में निरुद्ध 55 वर्षीय महिला बंदी मथुरा यादव की तबीयत बिगड़ने के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला को 17 सितंबर को गंभीर स्थिति में अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जेल प्रबंधन के अनुसार, मृतका के परिजनों से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है।

दो दिन में दो बार अस्पताल ले जाया गया

सेंट्रल जेल अधीक्षक अक्षय सिंह राजपूत के अनुसार, मथुरा यादव को 19 फरवरी 2026 को जेल में निरुद्ध किया गया था। 16 सितंबर को तबीयत खराब होने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया था। ओपीडी में चिकित्सकों द्वारा जांच के बाद खून की कमी बताए जाने पर उसे वापस जेल लाया गया था।

अगले दिन यानी 17 सितंबर को तबीयत दोबारा बिगड़ने पर महिला को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को देखते हुए आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया। इसी दौरान रात में उसकी मौत हो गई।

दो पते मिले, संपर्क की कोशिश जारी

जेल अधीक्षक के मुताबिक, महिला बंदी के दस्तावेजों में रायगढ़ और सूरजपुर जिले के ग्राम डेडरी के पते सामने आए हैं। जेल प्रबंधन की टीम दोनों स्थानों पर परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है, लेकिन फिलहाल संपर्क स्थापित नहीं हो पाया है।

मामले की जानकारी कलेक्टर और जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अंबिकापुर को दी गई है। जेल प्रबंधन के अनुसार, परिजनों के पहुंचने के बाद नियमानुसार वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया जाएगा और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जाएगी।

परिजन नहीं मिले तो नियमानुसार होगी कार्रवाई

जेल अधीक्षक ने बताया कि मृतका के परिजनों की तलाश और उनसे संपर्क करने के प्रयास जारी हैं। यदि परिजन सामने नहीं आते हैं तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मामले में महिला की मौत के कारणों से संबंधित अंतिम स्थिति पोस्टमार्टम एवं चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *