रोगी सुरक्षा और संक्रमण नियंत्रण को लेकर प्रशिक्षण, रक्तदान शिविर व नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया जागरूकता संदेश

अम्बिकापुर, 17 सितम्बर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार को राजमाता श्रीमती देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय, अम्बिकापुर में जन-जागरूकता एवं प्रशिक्षण गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रोगी सुरक्षा, हाथों की स्वच्छता और संक्रमण की रोकथाम को लेकर चिकित्सकीय स्टाफ, विद्यार्थियों और आमजन को जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. अविनाश मेश्राम, अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर.सी. आर्या एवं विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विभागाध्यक्षों के साथ प्रशासनिक अधिकारी, अस्पताल सलाहकार, डायटीशियन, चिकित्सक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

रक्तदान शिविर के साथ रोगी सुरक्षा की शपथ

कार्यक्रम के दौरान रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया। इसके साथ ही रोगी सुरक्षा और संक्रमण नियंत्रण में हाथों की स्वच्छता की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी गई। चिकित्सकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने रोगी सुरक्षा की शपथ लेकर सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता का संदेश

माइक्रोबायोलॉजी विभाग की ओर से नुक्कड़ नाटक के माध्यम से हाथों की स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। नाटक के जरिए बताया गया कि हाथों की उचित सफाई नहीं होने पर संक्रमण और विभिन्न बीमारियों के प्रसार का खतरा बढ़ सकता है।

इसी क्रम में डॉ. श्रेया तिवारी, पीजी द्वितीय वर्ष ने हाथों की स्वच्छता को लेकर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने सही तरीके से हाथ धोने की प्रक्रिया तथा संक्रमण की रोकथाम में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी।

सही तरीके से हाथ धोने की दी जानकारी

कार्यक्रम में हाथ धोने के सही तरीके, हाथों की स्वच्छता के उचित समय और संक्रमण रोकने में इसकी उपयोगिता को लेकर व्यावहारिक जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि स्वास्थ्य संस्थानों में रोगी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हाथों की स्वच्छता बेहद महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित प्रतिभागियों ने हाथों की स्वच्छता की शपथ ली। आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सही समय पर और सही तरीके से हाथों की स्वच्छता अपनाने से संक्रमण की रोकथाम में मदद मिलती है और सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *