
औद्योगिक नीति 2024-30 के तहत 8.23 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिलने का दावा, स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के लिए पांच साल में 500 करोड़ का प्रावधान
अंबिकापुर, 19 सितंबर 2026। अंबिकापुर में दो दिवसीय ‘अग्र महाकुंभ-2026’ का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया। इस दौरान उन्होंने अग्रवाल समाज की उद्यमिता, सामाजिक सेवा, परोपकार और व्यापारिक क्षेत्र में योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज ने आर्थिक गतिविधियों के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसेवा के क्षेत्र में भी अपनी भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने महाराजा अग्रसेन के सामाजिक समानता, सहयोग और सहभागिता के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज की प्रगति तभी सार्थक है, जब विकास का लाभ जरूरतमंद वर्गों तक भी पहुंचे। उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान जरूरतमंदों की सहायता के लिए किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया।

8.23 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की औद्योगिक नीति 2024-30 में रोजगार और निवेश को प्राथमिकता दी गई है। उनके अनुसार, प्रदेश को अब तक 8.23 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रस्तावों के धरातल पर आने से औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने के लिए ‘मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन’ को मंजूरी दी गई है। इसके लिए आगामी पांच वर्षों में 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। मिशन के तहत प्रदेश के सभी 33 जिलों में उद्यमिता विकास केंद्र, 100 इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब और पांच इंडस्ट्री सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की योजना बताई गई।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य स्थानीय उत्पादों, छोटे उद्योगों और मूल्य संवर्धित कृषि एवं औद्योगिक उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाना है।
सरगुजा में पर्यटन और स्थानीय उद्योगों पर जोर

मुख्यमंत्री ने सरगुजा क्षेत्र में पर्यटन, कृषि आधारित उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण और स्थानीय उत्पादों की संभावनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पर्यटन को उद्योग का दर्जा मिलने के बाद होटल, होम-स्टे और पर्यटन सेवाओं से जुड़े क्षेत्रों में निवेश और रोजगार की संभावनाएं बढ़ी हैं।
उन्होंने अग्रवाल समाज के उद्यमियों से इन क्षेत्रों में निवेश के साथ युवाओं और छोटे उद्यमियों को मार्गदर्शन देने का आह्वान किया।
महिला और युवाओं की भागीदारी पर जोर
मुख्यमंत्री ने अग्र महाकुंभ में महिलाओं और युवाओं के लिए आयोजित कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाएं व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग, स्टार्टअप और समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। युवाओं से उन्होंने तकनीक, नवाचार और उद्यमिता को अपनाने की बात कही।
ट्रेड फेयर का शुभारंभ, ‘अग्रकुल दर्शन’ पत्रिका का विमोचन

अग्र महाकुंभ के दौरान मुख्यमंत्री ने ट्रेड फेयर का फीता काटकर शुभारंभ किया और विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने उद्यमियों से उनके उत्पादों और गतिविधियों की जानकारी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘अग्रकुल दर्शन’ पत्रिका का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने अग्र महाकुंभ को समाज की सामूहिक चेतना, संगठन और सामाजिक उत्तरदायित्व पर विचार का अवसर बताया। वहीं ‘दशम अग्र अलंकरण’ के तहत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज, बसना विधायक संपत अग्रवाल, योग आयोग अध्यक्ष संजय अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री अमर अग्रवाल, महापौर मंजूषा भगत, निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, कलेक्टर अजीत वसंत, एसएसपी राजेश अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव और नगर निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल सहित अग्रवाल समाज के पदाधिकारी, समाजसेवी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
