
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शवों की सुरक्षा के लिए अहाता और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की उठाई मांग
अंबिकापुर। नगर निगम क्षेत्र में लावारिस शवों के दफनाने के लिए सुरक्षित एवं निर्धारित स्थान उपलब्ध कराने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने महापौर श्रीमती मंजूषा भगत को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में लावारिस शवों के अंतिम संस्कार और दफन प्रक्रिया के लिए व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
आवेदकों का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था में लावारिस शवों को दफनाने के लिए उचित और सुरक्षित स्थान की कमी है। उनके अनुसार, खुले अथवा असुरक्षित स्थानों पर शवों को दफनाने से बाद में जंगली अथवा हिंसक जानवरों द्वारा शवों को नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है। इससे शवों के अवशेष इधर-उधर फैलने की स्थिति बन सकती है, जो मानवीय गरिमा और सार्वजनिक स्वच्छता की दृष्टि से गंभीर विषय है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि नगर निगम द्वारा लावारिस शवों के दफनाने के लिए एक स्थायी और सुरक्षित स्थल चिन्हित किया जाए। साथ ही स्थल की सुरक्षा के लिए चारों ओर अहाता निर्माण कराने तथा परिसर में एक छोटा कमरा बनाने की मांग की गई है, जहां शवों को दफनाने से संबंधित आवश्यक उपकरण सुरक्षित रखे जा सकें।

सामाजिक कार्यकर्ताओं ने महापौर से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई जल्द शुरू करने और की गई कार्रवाई से आवेदकों को अवगत कराने का अनुरोध किया है।
ज्ञापन सौंपने वालों में आस्था गुरुकुल समाज सेवी संस्था के अध्यक्ष संजय कुमार ठाकुर, नागवती सिंह, सुरेखा वर्मा, नेहा सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे।

