शिक्षक दिवस कार्यक्रम में पहुंचने में हुई देरी के बाद मंत्री ने खुद देखी सड़क की बदहाली, कलेक्टर से जिम्मेदारों पर कार्रवाई और तत्काल मरम्मत कराने कहा
बलरामपुर। प्रतापपुर से सेमरसोत होते हुए एनएच-343 को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण PWD सड़क की बदहाली ने एक बार फिर व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिक्षक दिवस कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे कृषि मंत्री रामविचार नेताम को भी इस खस्ताहाल सड़क के कारण करीब दो घंटे की देरी का सामना करना पड़ा। रास्ते में सड़क की स्थिति देखने के बाद मंत्री ने नाराजगी जताई और मौके से ही कलेक्टर से चर्चा कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा सड़क की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए।
बारिश के कारण सड़क की स्थिति और बिगड़ गई है। कई हिस्सों में बड़े और गहरे गड्ढे बन चुके हैं, जिनमें पानी भरा हुआ है। ऐसे में वाहन चालकों के लिए यह अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है कि गड्ढा कितना गहरा है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों और रात में सफर करने वालों के लिए यह मार्ग बेहद जोखिम भरा हो गया है।
मरम्मत के बाद फिर उखड़ने लगी सड़क
स्थानीय लोगों के मुताबिक बरसात से पहले PWD विभाग की ओर से सड़क पर पेंच रिपेयर का काम कराया गया था। लेकिन बारिश शुरू होने के बाद कई स्थानों पर मरम्मत का हिस्सा फिर उखड़ गया। देखते ही देखते सड़क पर गड्ढों का आकार बढ़ता गया और आवागमन मुश्किल होता चला गया।
इस स्थिति को लेकर अब सड़क मरम्मत की गुणवत्ता और संबंधित कार्य की निगरानी पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत कार्य की गुणवत्ता की जांच और आवश्यक देखरेख की गई होती तो सड़क इतनी जल्दी खराब नहीं होती।
रात में सफर करना बना चुनौती
सड़क पर पानी से भरे गड्ढे दिन में भी परेशानी का कारण बने हुए हैं, जबकि रात के समय खतरा और बढ़ जाता है। अंधेरे में पानी से भरे गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण वाहन अनियंत्रित होने और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग की जल्द मरम्मत की मांग की है।
NH-343 निर्माण के बीच बढ़ी इस मार्ग की अहमियत

बलरामपुर-अंबिकापुर NH-343 पर निर्माण कार्य जारी होने के कारण प्रतापपुर-सेमरसोत PWD मार्ग का महत्व और बढ़ गया है। बड़ी संख्या में लोग इस रास्ते का इस्तेमाल मुख्यालय और अंबिकापुर के बीच आवागमन के लिए करते हैं। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति यात्रियों की परेशानी को और बढ़ा रही है।
मंत्री की नाराजगी के बाद कार्रवाई की उम्मीद
सड़क की स्थिति का प्रत्यक्ष जायजा लेने के बाद कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने कलेक्टर को जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने और सड़क की स्थिति में तत्काल सुधार के निर्देश दिए हैं।
अब निगाहें PWD विभाग पर हैं कि मंत्री के निर्देश के बाद सड़क की मरम्मत का काम कितनी जल्दी शुरू होता है। साथ ही पहले कराए गए पेंच रिपेयर की गुणवत्ता और उसकी कम समय में खराब हुई स्थिति के लिए जिम्मेदारी तय होती है या नहीं, यह भी देखने वाली बात होगी। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद इस महत्वपूर्ण मार्ग को जल्द राहत मिलेगी।
