
भकुरा-परसा की BDC प्रिया सिंह ग्रामीणों के साथ पहुंचीं कोतवाली, आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ कार्रवाई की मांग
अंबिकापुर। सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर अंबिकापुर जनपद पंचायत क्षेत्र की महिला जनपद सदस्य प्रिया सिंह ने सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। जनपद सदस्य का आरोप है कि सोशल मीडिया पर उनका नाम लेकर गाली-गलौज की जा रही है और मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान हुए विवाद से जोड़कर उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रिया सिंह रविवार दोपहर ग्रामीणों के साथ अंबिकापुर कोतवाली पहुंचीं और पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में उन्होंने कहा है कि सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों का घटना से कोई संबंध नहीं है। उनका कहना है कि संबंधित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह वहां से लौट चुकी थीं।
मटकी फोड़ प्रतियोगिता के बाद हुआ था विवाद
शिकायत के मुताबिक, 6 सितंबर को ग्राम भकुरा में मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। आयोजन समिति के आमंत्रण पर प्रिया सिंह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई थीं। उनके अनुसार कार्यक्रम करीब दो घंटे चला और पुरस्कार वितरण के बाद वह अपने घर लौट गई थीं।
इसके बाद रात में नवापारा निवासी दीपक राजवाड़े और करन राजवाड़े द्वारा बाइक से तेज रफ्तार में हुड़दंग किए जाने का आरोप लगाया गया। शिकायत में कहा गया है कि इसी दौरान आयोजन समिति के एक सदस्य को बाइक से टक्कर लग गई, जिसके बाद विवाद और मारपीट की स्थिति बनी। इस घटना को लेकर आयोजन समिति की ओर से 7 सितंबर को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराए जाने की बात भी कही गई है।
सोशल मीडिया पोस्ट पर आपत्ति
प्रिया सिंह का आरोप है कि उक्त विवाद के संबंध में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो द्वारा उनका नाम लिया जा रहा है और उन पर पद का दुरुपयोग करने जैसे आरोप लगाए जा रहे हैं। जनपद सदस्य ने इन आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि विवाद के समय वह मौके पर मौजूद नहीं थीं।
उन्होंने पुलिस से सोशल मीडिया पर किए जा रहे कथित आपत्तिजनक पोस्ट और टिप्पणियों की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता ने कहा कि पुलिस स्तर पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में वह मामले को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखेंगी।
पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं, आकांक्षा टोप्पो की ओर से इस शिकायत और आरोपों पर उनका पक्ष सामने आना बाकी है। इसलिए सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

