सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा, सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का समयबद्ध निराकरण करने अधिकारियों को दिए निर्देश

अंबिकापुर, 15 सितंबर 2026। कलेक्टर अजीत वसंत ने मंगलवार को जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में चल रहे विकास कार्यों, जनसमस्याओं और शासन की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में विशेष रूप से बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों और सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों के निराकरण पर चर्चा हुई।

क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द हो मरम्मत

कलेक्टर ने बारिश के कारण खराब हुई सड़कों की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागों को मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने खरसिया नाका, लुचकी घाट, गांधी चौक से रेलवे स्टेशन मार्ग सहित नगरीय क्षेत्र और अन्य प्रभावित सड़कों पर गड्ढों की भराई एवं समतलीकरण का कार्य प्राथमिकता से कराने को कहा।

उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और संबंधित निर्माण विभागों के अधिकारियों से कहा कि जहां बारिश से सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, वहां आवश्यक मरम्मत जल्द पूरी कराई जाए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

बैठक में खरसिया नाका क्षेत्र में जल संसाधन विभाग की नहर पर अतिक्रमण का मुद्दा भी सामने आया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान

कलेक्टर ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने नोडल अधिकारियों को जिले और विकासखंड स्तर पर प्रस्तावित गतिविधियों की तैयारी समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान पीएम आवास, महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों के घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया जाएगा। इसके अलावा स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, अस्पतालों, सार्वजनिक वितरण प्रणाली केंद्रों, अटल चौक और अन्य शासकीय संस्थानों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिला स्तर पर गांधी स्टेडियम, प्रमुख चौक-चौराहों, धार्मिक स्थलों, अमृत सरोवर और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित करने की योजना है। कलेक्टर ने कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने और सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए। सभी एसडीएम को अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी भी दी गई।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण पर जोर

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान के साथ शिकायतकर्ता को संतुष्टिपूर्ण निराकरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों में अनावश्यक देरी न हो और लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। कलेक्टर ने सभी विभागों को 85 प्रतिशत से अधिक शिकायतों के निराकरण का लक्ष्य पूरा करने को कहा। पंचायत, नगरीय प्रशासन और राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतों के निराकरण का प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए गए। 85 प्रतिशत से कम निराकरण वाले विभागों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

जाति और जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य प्रकरणों की समीक्षा

समय-सीमा की बैठक में जाति प्रमाण पत्र और जन्म प्रमाण पत्र बनाने की प्रगति की भी जानकारी ली गई। इसके साथ ही डीएमएफ से जुड़े कार्यों, वसूली, निर्माण कार्यों, मुआवजा प्रकरणों और अतिक्रमण सहित विभिन्न मामलों की समीक्षा की गई।

कलेक्टर जनदर्शन, जन चौपाल, जन शिकायत और पीजी पोर्टल पर प्राप्त प्रकरणों की स्थिति भी बैठक में देखी गई। उन्होंने लंबित मामलों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

पंचायतवार निर्माण कार्यों की प्रगति जांची

कलेक्टर ने जिले की विभिन्न जनपद पंचायतों के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में स्वीकृत और प्रगतिरत निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी स्वीकृत कार्य समय पर शुरू कराने और निर्माण में गुणवत्ता के मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम जनमन योजना, आंगनबाड़ी भवन, हैंडपंप, बोरवेल, विद्यालय भवन, उप स्वास्थ्य केंद्र और शौचालय निर्माण सहित अन्य कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई।

कलेक्टर ने 15वें वित्त मद से उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण के प्रस्तावों को स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश का दौर समाप्ति की ओर है, इसलिए जो कार्य अभी तक शुरू नहीं हुए हैं, उन्हें तत्काल प्रारंभ कराया जाए और पहले से चल रहे कार्यों को निर्धारित समय में पूरा किया जाए।

उन्होंने ग्राम पंचायतों में आवश्यकता के अनुसार वीबी-जी राम-जी के अंतर्गत बालिकाओं के लिए स्कूलों में शौचालय निर्माण से संबंधित कार्यों को भी स्वीकृत कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में डीएफओ लोकनाथ पटेल, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर सुनील नायक, अपर कलेक्टर राम सिंह ठाकुर, नगर निगम आयुक्त विनय अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *