केरसु तालाब की सफाई पर जताई नाराजगी, एसएलआरएम सेंटर पहुंचे; सुभाषनगर में आवास हितग्राहियों से की सीधी बातचीत

अंबिकापुर, 8 अक्टूबर 2026। शहर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव गुरुवार को अचानक निरीक्षण पर निकल पड़े। खास बात यह रही कि उन्होंने सरकारी वाहन के बजाय खुद स्कूटी चलाकर शहर के अलग-अलग हिस्सों का दौरा किया और सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों की जमीनी स्थिति देखी।

शहर भ्रमण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से केवल कागजी प्रगति की जानकारी लेने के बजाय मौके पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जहां कमियां मिलीं, वहां तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।

केरसु तालाब की सफाई व्यवस्था पर दिए तत्काल निर्देश

उपमुख्यमंत्री ने शहर के विभिन्न इलाकों का भ्रमण करते हुए सार्वजनिक स्थलों और आवासीय क्षेत्रों में साफ-सफाई की स्थिति देखी। केरसु तालाब में सफाई की जरूरत नजर आने पर उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था केवल अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। नियमित सफाई के साथ इसकी लगातार मॉनिटरिंग भी जरूरी है, ताकि नागरिकों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिल सके।

493 प्रधानमंत्री आवासों का किया निरीक्षण

सुभाषनगर में उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के एएचपी घटक के तहत निर्मित 493 आवासीय इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां रहने वाले हितग्राहियों से सीधे बातचीत कर आवास में उपलब्ध सुविधाओं, समस्याओं और अन्य जरूरतों की जानकारी ली।

उन्होंने हितग्राहियों से यह भी पूछा कि पक्का मकान मिलने के बाद उनके जीवन में क्या बदलाव आया है। हितग्राहियों ने आवास मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए शासन के प्रति आभार जताया।

उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन हितग्राहियों को आवास आवंटित किए जा चुके हैं, उनका वास्तविक निवास सुनिश्चित कराया जाए। आवासीय परिसर में साफ-सफाई, आवश्यक सुविधाओं और बाकी बचे निर्माण कार्यों को भी जल्द पूरा करने को कहा गया।

एसएलआरएम सेंटर में देखा कचरा प्रबंधन मॉडल

अरुण साव डीसी रोड स्थित एसएलआरएम सेंटर भी पहुंचे। यहां उन्होंने घर-घर से कचरा संग्रहण, कचरे के पृथक्करण और उसके प्रसंस्करण की पूरी व्यवस्था का जायजा लिया।

उन्होंने अंबिकापुर के कचरा प्रबंधन मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि शहर की करीब 480 स्वच्छता दीदियां घर-घर से कचरा एकत्र करने और उसके उचित प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने स्वच्छता कर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

सड़क निर्माण और मरम्मत के काम जल्द शुरू करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान शहर की सड़कों और अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में सड़क निर्माण, मरम्मत और अन्य विकास कार्यों के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

उन्होंने अधिकारियों को इन कार्यों को जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के बाद सड़कों की स्थिति में सुधार जरूरी है और विकास कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

एक दिन पहले हुई सरगुजा और सूरजपुर जिले की संयुक्त समीक्षा बैठक में भी नगरीय विकास और सड़क निर्माण से जुड़े कार्यों को लेकर अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से काम करने के निर्देश दिए गए थे।

निरीक्षण के दौरान महापौर मंजूषा भगत, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, नगर निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल सहित पार्षद, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, अभियंता और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *